CG Education News: बस्तर में एक व्याख्याता को 5 पदों का प्रभार, नियमों को दरकिनार कर वर्षों से चल रहा खेल

CG Education News: बस्तर में एक व्याख्याता को 5 पदों का प्रभार, नियमों को दरकिनार कर वर्षों से चल रहा खेल

CG Education News: जिस चपका हायर सेकेंडरी स्कूल में ओपन स्कूल के छात्रों को परीक्षा देने से रोका जा रहा था वहीं से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पदस्थ एक व्याख्याता एक साथ पांच पदों की जिम्मेदारी निभा रही हैं। उनकी यह अनोखी योग्यता पिछले २० साल से बनी हुई है पर उन्हें कभी कोई कहीं से हटा नहीं पाया। हम बात कर रहें स्कूल की 1998 बैच की वरिष्ठ व्याख्याता अहिल्या कश्यप की।

वे एक साथ कन्या आश्रम प्राथमिक शाला भानपुरी, कन्या आश्रम माध्यमिक शाला भानपुरी, कन्या शिक्षा परिसर माध्यमिक शाला भानपुरी, कन्या शिक्षा परिसर हाई स्कूल भानपुरी और मूल पद व्याख्याता अर्थशास्त्र हायर सेकेंडरी स्कूल चपका के पद पर बनी हुई हैं। सरकारें आईं और चली गईं। नियम बने और बदले पर अहिल्या कश्यप को कोई इन पदों से नहीं हटा पाया। शासन के नियमों पर अगर जाएं तो एक व्याख्याता को एक साथ इतने पद का प्रभार नहीं दिया जा सकता लेकिन वे तीन आश्रम और एक शिक्षा परिसर के अतिरिक्त प्रभार पर बनी हुई हैं।

CG Education News: मलाईदार पदों पर बने रहने का आरोप

बस्तर ब्लॉक में अहिल्या कश्यप पर समय-समय पर यह आरोप लगते रहे हैं कि वे मलाईदार पदों पर बनी हुई हैं। इसका कई बार विरोध भी हो चुका है। शिकायतें भी हु़ईं पर उन पर शिक्षा विभाग ने कभी कोई कार्रवाई नहीं की। अभी भी वे अपने विभिन्न पदों पर बनी हुई हैं। स्कूल के जिम्मेदारों के साथ ही ब्लॉक के अफसर और क्षेत्रिय जनप्रतिनिधियों का सरंक्षण उन्हें होने का आरोप लगता रहा है।

पद व्याख्याता का पर इंट्रेस्ट आश्रमों में: अहिल्या कश्यप को लेकर बताया जा रहा है कि उनका मूल पद व्याख्याता का है। वे अर्थशास्त्र की वरिष्ठ व्याख्याता हैं लेकिन उन्होंने सालों से बच्चों को यह विषय पढ़ाया ही नहीं है। उनका पूरा इंट्रेस्ट आश्रमों की जिम्मेदारी पर ही है।

युक्तियुक्तकरण में प्राचार्य ने विभाग को नाम ही नहीं भेजा

एक ओर जहां बस्तर समेत पूरे प्रदेश में युक्तियुक्तकरण कड़ाई से पालन किया गया। वहीं अहिल्या कश्यप इस प्रक्रिया से भी बच गईं। स्कूल से विभाग को भेजे गए युक्तियुक्तकरण की सूची में अहिल्या कश्यप का नाम ही नहीं था। यह मामला शासन के नियमों के विरूद्ध था पर ना तो चपका स्कूल के प्राचार्य बलराम कच्छ पर कोई कार्रवाई की गई और ना ही अहिल्या कश्यप पर।

CG Education News: एक साथ इन पदों पर पदस्थ हैं व्याख्याता

कन्या आश्रम प्राथमिक शाला भानपुरी
कन्या आश्रम माध्यमिक शाला भानपुरी
कन्या शिक्षा परिसर माध्यमिक शाला भानपुरी
कन्या शिक्षा परिसर हाई स्कूल भानपुरी
व्याख्याता – अर्थशास्त्र हायर सेकेंडरी स्कूल चपका

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *