CG Accident: सडक़ पर बिखरी गिट्टी से फिसलकर गड्ढे में गिरी बाइक, युवक की दर्दनाक मौत

CG Accident: सडक़ पर बिखरी गिट्टी से फिसलकर गड्ढे में गिरी बाइक, युवक की दर्दनाक मौत

CG Accident: सारागांव-सिलयारी मुख्य मार्ग पर निलजा तालाब के पास बीती रात एक सडक़ हादसे में 22 वर्षीय दीपक यादव की मौत हो गई। घटना का मुख्य कारण सडक़ पर बिखरी गिट्टी और अंधा मोड़ बताया जा रहा है। हादसे ने स्थानीय प्रशासन और यातायात विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम टोनाटार जिला बलौदाबाजार निवासी दीपक यादव बुधवार को ग्राम निलजा अपने रिश्तेदार के घर शादी समारोह में शामिल होने आया था। रात करीब 9 बजे शादी घर से ड्यूटी के लिए बैकुंठ स्थित निजी फैक्ट्री जा रहा था।

निलजा पनबुड़वा तालाब के पास अंधे मोड़ पर सडक़ पर फैली गिट्टी के कारण उसकी मोटरसाइकिल फिसल गई और वह सडक़ किनारे गहरे गड्ढे में गिर गया। अनुमान है कि सिर पर गंभीर चोट लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। अंधेरा होने के कारण रात भर किसी की नजर नहीं पड़ी। सुबह ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचित किया। खरोरा पुलिस मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

प्रशासन की चुप्पी पर ग्रामीणों का आक्रोश

ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर पहले कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन और यातायात विभाग मूकदर्शक बने हुए हैं। न तो ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई होती है और न ही सडक़ किनारे गिरे गिट्टी को हटाने की कोई व्यवस्था है। स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण चेतावनी दे रहे हैं कि यदि प्रशासन समय रहते गंभीर नहीं हुआ, तो यह मार्ग और भी ‘खूनी’ साबित हो सकता है।

हादसे की मुख्य वजहें

सडक़ पर बिखरी गिट्टी मुख्य रूप से ओवरलोड हाइवा वाहनों से गिरती है, जो दोपहिया वाहनों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। निलजा के खतरनाक मोड़ पर पर्याप्त रोशनी और संकेतक नहीं हैं। भारी वाहनों का दबाव और टोल टैक्स बचाने की होड़ भी दुर्घटनाओं का कारण बन रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *