जनगणना 2027: घर की दीवार से रसोई के चूल्हे तक इन 33 बिंदुओं पर देनी होगी पूरी जानकारी

जनगणना 2027: घर की दीवार से रसोई के चूल्हे तक इन 33 बिंदुओं पर देनी होगी पूरी जानकारी

Census 2027: जनगणना 2027 में लोगों को अपने मकान की दीवार से लेकर रसोई घर तक की जानकारी देनी होगी। जनगणना की यह प्रक्रिया पूरी तरह से डिजिटल होगी और लोगों को 33 महत्वपूर्ण बिंदुओं के बारे में जानकारी देनी होगी। इस संबंध में गुरुवार को कलेक्ट्रेट में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

जनगणना प्रक्रिया में नागरिक 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक स्वयं स्व-गणना पोर्टल पर अपनी जानकारी भर सकते हैं। गणक के घर आने पर जो जानकारी पोर्टल पर भरी गई है वहीं जानकारी देनी होगी तब इस जानकारी को डिजिटल संकलित किया जायेगा। बैठक के दौरान कलेक्टर साकेत मालवीय ने बताया कि जनगणना अधिकारियों द्वारा मकान सूचीकरण के दौरान नागरिकों से 33 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी एकत्र की जाएगी। (mp news)

इन बिंदुओं पर ली जाएगी जानकारी

जनगणना अधिकारियों द्वारा मकान सूचीकरण के दौरान भवन नंबर, जनगणना मकान नंबर, मकान की दीवार, छत और फर्श में प्रयुक्त सामग्री, मकान का उपयोग और स्थिति की जानकारी ली जाएगी। इसके साथ ही परिवार, परिवार में रहने वाले सदस्यों की संख्या, परिवार के मुखिया का नाम, लिंग, सामाजिक वर्ग (अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति या अन्य) से संबंधित विवरण दर्ज किया जाएगा। जनगणना के दौरान पेयजल का मुख्य स्रोत, प्रकाश का स्रोत, शौचालय की उपलब्धता और उसका प्रकार, गंदे पानी कीनिकासी, रसोईघर एवं उसमें प्रयुक्त ईंधन की जानकारी भी ली जाएगी। परिवार द्वारा उपयोग किए जाने वाले मुख्य खाद्यान्न, परिवार में रहने वाले विवाहित दंपत्तियों की संख्या, परिवार के मुखिया का व्यवसाय तथा मकान के स्वामित्व की स्थिति से जुड़ी जानकारी भी जनगणना में दर्ज की जाएगी।

गोपनीय रहेगी जानकारी

जनगणना वर्ष 1872 से सोलहवीं एवं स्वतंत्रता के बाद की आठवीं जनगणना होगी। जिससे संबंधित विभिन्न क्रियाकलापों का निष्पादन जनगणना अधिनियम 1948 एवं जनगणना नियम 1990 के प्रावधानों के तहत किया जाता है। इस दौरान प्राप्त व्यक्तिगत जानकारियां पूर्णतः गोपनीय होती है और इसे किसी अन्य के साथ साझा नहीं किया जाता’ साथ ही एकत्रित की गई व्यक्तिगत जानकारी को कहीं पर भी साक्ष्य के लिए उपयोग नहीं किया जा सकता है। जनगणना 2027 के प्रगणक, पर्यवेक्षक या कोई अन्य व्यक्ति द्वारा किसी भी प्रकार के ओटीपी या बैंक डिटेल्स की नहीं मांगी जाएगी।

दो चरणों में की जाएगी आयोजित

जनगणना 2027 में दो चरणों में की जाएगी। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण और मकान की गणना की जाएगी। दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना की जाएगी। जनगणना का कार्य निर्धारित समय सीमा में किया जाएगा। प्रथम चरण 1 से 30 मई 2026 तक आयोजित होगा। दूसरा चरण फरवरी 2027 में आयोजित किया जाएगा।

देश की प्रथम डिजिटल जनगणना होगी

देश की प्रथम डिजिटल जनगणना होगी जिसमें एप्लीकेशन के माध्यम से आंकड़ों का संकलन किया जाएगा। जनगणना के समस्त कार्य की रियल टाइम मॉनिटरिंग सेन्स मेनेजमेन्ट एंड मॉनिटरिंग सिस्टम पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। इसके अतिरिक्त, निवासियों को अपना जनगणना डेटा स्वयं ऑनलाइन भरने की सुविधा प्रदान की गई है। इस दौरान अशोकनगर के अपर कलेक्टर डीएन सिंह, जनगणना कार्यालय भोपाल से आये जनगणना जिला प्रभारी जमीन खान, प्रशिक्षक रजनीश भार्गव सहित समस्त एसडीएम, जिला सूचना अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। (MP News)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *