टी-20 विश्व कप में भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे रीवा शहर में जश्न का माहौल देखने को मिला। जैसे ही भारत की जीत की अंतिम घोषणा हुई, वैसे ही शहर के अलग-अलग इलाकों में लोगों ने पटाखे फोड़कर और मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। युवाओं के साथ-साथ बुजुर्ग और बच्चे भी इस खुशी में शामिल हुए। कई स्थानों पर देर रात तक उत्सव का माहौल बना रहा। शहर के शिल्पी प्लाजा, सिरमौर चौराहा, समान तिराहा, कॉलेज चौराहा और अमहिया क्षेत्र में बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी सड़कों पर निकल आए। हाथों में तिरंगा लेकर युवाओं ने भारत माता की जय और टीम इंडिया जिंदाबाद के नारे लगाए। ढोल-नगाड़ों की धुन पर युवाओं ने जमकर नृत्य किया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी साझा की। प्रोजेक्टर लगागर मैच देखा
कई जगहों पर बड़े परदे लगाकर लोगों ने मैच का सीधा प्रसारण देखा था। जैसे ही भारत ने जीत दर्ज की, वहां मौजूद दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट और जयकारों से माहौल गूंजा दिया। युवाओं ने एक-दूसरे को गले लगाकर खुशी जताई। शहर के कई मोहल्लों में लोगों ने घरों के बाहर आतिशबाजी कर जश्न मनाया। क्रिकेट प्रेमियों का कहना था कि भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और फाइनल मुकाबले में भी खिलाड़ियों ने दमदार खेल दिखाकर देश का गौरव बढ़ाया है। लोगों ने खिलाड़ियों की मेहनत और जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि यह जीत पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। दुकानों और मिठाई की दुकानों पर भी देर रात तक भीड़ बनी रही। कई लोगों ने विशेष रूप से मिठाई खरीदकर अपने परिचितों और पड़ोसियों में बांटी। बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखा गया। कई जगहों पर मोटरसाइकिल रैली भी निकाली गई, जिसमें युवाओं ने तिरंगा लहराते हुए शहर का चक्कर लगाया। पुलिस प्रशासन भी एहतियात के तौर पर प्रमुख चौराहों पर मौजूद रहा, ताकि जश्न के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। हालांकि पूरे शहर में खुशी और उत्साह का माहौल शांतिपूर्ण तरीके से देखने को मिला। भारतीय टीम की इस बड़ी जीत ने रीवा के लोगों को गर्व से भर दिया है। देर रात तक शहर में पटाखों की आवाज और जयकारों की गूंज सुनाई देती रही, जिससे साफ था कि क्रिकेट के इस महाकुंभ में भारत की जीत ने हर भारतीय का दिल खुश कर दिया है।


