टी20 वर्ल्ड कप में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद महोबा जिले में जगह-जगह जश्न का माहौल देखने को मिला। चरखारी में यह उत्सव खास अंदाज में मनाया गया, जहां क्रिकेट प्रेमियों ने गुमान बिहारी मंदिर परिसर में ‘विजय होली’ खेलकर टीम इंडिया की जीत का जश्न मनाया। भारत की शानदार जीत के बाद पूरे देश में दिवाली जैसा माहौल रहा, वहीं बुंदेलखंड के महोबा में भी उत्साह चरम पर दिखा। चरखारी स्थित सुप्रसिद्ध गुमान बिहारी मंदिर परिसर में युवाओं ने डीजे की धुन पर तिरंगा लहराते हुए जमकर नृत्य किया। इस दौरान आतिशबाजी और पुष्पवर्षा भी की गई, जिससे पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंग गया। जश्न के इस मौके पर चरखारी से बीजेपी विधायक ब्रजभूषण राजपूत भी मौजूद रहे। उन्होंने युवाओं के बीच पहुंचकर देशभक्ति गीतों और डीजे की धुन पर उनके साथ नृत्य किया। इस दौरान मंदिर परिसर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से गूंज उठा। विधायक ब्रजभूषण राजपूत ने कहा कि यह जीत टीम इंडिया की कड़ी मेहनत और करोड़ों भारतीयों की प्रार्थनाओं का परिणाम है। उन्होंने देशभक्ति गीत गाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और लोगों के साथ इस ऐतिहासिक जीत की खुशी साझा की। शहर के कई चौराहों पर युवाओं की टोलियां तिरंगा लेकर सड़कों पर निकलीं। देर रात तक चले इस जश्न में लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और गले मिलकर जीत की बधाई दी। मंदिर परिसर में फूलों की वर्षा भी की गई, जो इस जीत के प्रति लोगों के उत्साह और गर्व को दर्शा रही थी। स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों ने कहा कि फाइनल में मिली यह जीत लंबे समय तक याद रखी जाएगी। युवाओं ने रोहित ब्रिगेड की सराहना करते हुए कहा कि इस जीत ने पूरे देश के साथ बुंदेलखंड की धरती को भी गौरवान्वित किया है। देर रात तक चरखारी की सड़कों पर जश्न का माहौल बना रहा और आतिशबाजी से आसमान रोशन होता रहा।


