कौशांबी के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) विनोद राम त्रिपाठी ने बुधवार को संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत जन-जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक जनपद में चलाया जाएगा, जिसका उद्देश्य मच्छरों और संक्रामक रोगों से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक करना है। यह रैली कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू होकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मंझनपुर तक निकाली गई। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संजय कुमार, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी मंझनपुर डॉ. नीरज कुमार और जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. अनुपमा मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। सीएमओ डॉ. संजय कुमार ने बताया कि इस विशेष अभियान के तहत जनपदवासियों को मच्छरों और संक्रामक रोगों से बचाव के विभिन्न उपायों के बारे में जानकारी दी जाएगी। अभियान का नारा है, “स्वस्थ व्यवहार अपनाना है, संचारी रोगों को हराना है।” मच्छरों से बचाव के लिए लोगों को दरवाजों और खिड़कियों पर जाली लगवाने, नियमित रूप से मच्छरदानी का उपयोग करने, मच्छररोधी उपाय अपनाने, अनुपयोगी वस्तुओं में पानी जमा न होने देने, पानी की टंकी को पूरी तरह ढक कर रखने, पूरी बाजू वाली कमीज, पैंट और मोजे पहनने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही, घर और कार्यस्थल के आसपास पानी जमा न होने देने, कूलर व गमलों को सप्ताह में एक बार खाली कर सुखाने और गड्ढों में जहां पानी इकट्ठा हो, उसे मिट्टी से भरने के प्रति भी जागरूक किया जाएगा। इसी प्रकार, संक्रामक रोगों से बचाव के लिए नालियों में जलजमाव रोकने और नियमित सफाई करने, जानवरों के बाड़े घर से दूर रखने, जंगली झाड़ियों को नियमित रूप से साफ करने, चूहे-छछूंदरों से बचाव के उपाय अपनाने, पीने के लिए इंडिया मार्का के पानी का उपयोग करने, खाने से पहले साबुन से हाथ धोने, खुले में शौच न करने और नियमित रूप से शौचालय का उपयोग करने के प्रति भी जागरूकता फैलाई जाएगी।


