मां चंद्रिका देवी मंदिर चोरी का CCTV फुटेज आया सामने:पुलिस जांच जारी, श्रद्धालुओं में आक्रोश; सुरक्षा पर उठे सवाल

मां चंद्रिका देवी मंदिर चोरी का CCTV फुटेज आया सामने:पुलिस जांच जारी, श्रद्धालुओं में आक्रोश; सुरक्षा पर उठे सवाल

उन्नाव के बारासगवर थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध मां चंद्रिका देवी मंदिर में हुई चोरी का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इस घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस को अब तक कोई ठोस सफलता नहीं मिली है। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में दो चोर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में एक चोर मंदिर के भीतर प्रवेश करता है और माता की प्रतिमा के सामने तीन बार पैर छूता है। इसके बाद वह मुकुट उतारकर अपने साथी को देता है, और दोनों आसानी से मंदिर से बाहर निकल जाते हैं। इस फुटेज के सामने आने के बाद श्रद्धालुओं में आक्रोश और हैरानी है। लोगों का कहना है कि चोरों का इतनी सहजता से मंदिर में घुसकर चोरी करना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी इस मंदिर में गहरी आस्था है। जानकारी के अनुसार, बीते शुक्रवार रात तीन नकाबपोश चोरों ने मंदिर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोर माता का मुखौटा, आभूषण और दानपात्र लेकर फरार हो गए थे। यह पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। चोरी की जानकारी शनिवार सुबह मंदिर के पुजारियों को हुई, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है। मंदिर के पुजारियों ने बताया कि घटना के समय माता को कृत्रिम आभूषण पहनाए गए थे। उनके अनुसार, सोने-चांदी के कीमती आभूषण केवल नवरात्रि के दौरान ही माता को धारण कराए जाते हैं। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष मोहित दुबे की तहरीर पर बारासगवर थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने अब तक लगभग आधा दर्जन संदिग्धों से पूछताछ की है। लेकिन चोरों तक पहुंचने में अभी तक सफलता नहीं मिल सकी है।इधर, मंदिर में हुई चोरी के बाद माता की प्रतिमाओं के बदले हुए स्वरूप को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।श्रद्धालुओं का कहना है कि चोरी के बाद माता की मूर्ति या मुखौटा बदला गया है, जिससे लोगों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। सोशल मीडिया पर भी माता की बदली हुई तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं, जिससे असंतोष और बढ़ गया है। कई श्रद्धालुओं ने इसे आस्था से जुड़ा मामला बताते हुए प्रशासन से स्पष्ट जानकारी देने की मांग की है।घटना के चार दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस के हाथ खाली होने से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में नाराजगी है। उनका कहना है कि मंदिर जैसी पवित्र जगह पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *