धार में महिलाओं पर अत्याचार के मामले बढ़े:3 महीनों में 20 से अधिक केस, दहेज प्रताड़ना का नया मामला दर्ज

धार में महिलाओं पर अत्याचार के मामले बढ़े:3 महीनों में 20 से अधिक केस, दहेज प्रताड़ना का नया मामला दर्ज

धार जिले में महिलाओं के साथ प्रताड़ना के मामलों में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। पिछले तीन महीनों में महिला थाना पुलिस के पास महिलाओं से जुड़े अत्याचार और घरेलू हिंसा के 20 से अधिक मामले दर्ज हुए हैं। हालांकि, इनमें से अधिकांश मामलों में पुलिस द्वारा दोनों पक्षों की काउंसलिंग कर समझाइश के जरिए सुलह कराई गई, जिससे कई टूटते रिश्तों को बचाया जा सका। इसी क्रम में बुधवार को धार महिला थाने में सागौर निवासी एक महिला ने दहेज प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके पति मुनिश उर्फ बुली शाह, इकबाल शाह, भय्यु शाह, फरजाना पति भय्यु और बेना पति अम्बु शाह (सभी निवासी मोतीनगर, सागौर) ने दहेज की मांग को लेकर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। महिला थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला थाना प्रभारी क्लेर डामोर ने बताया कि बीते तीन महीनों में महिलाओं के साथ प्रताड़ना के 20 से अधिक प्रकरण सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि महिला थाना पुलिस का प्रयास रहता है कि परिवारों को टूटने से बचाया जाए, इसलिए अधिकतर मामलों में समझाइश और काउंसलिंग के माध्यम से समाधान कराया गया है। हालांकि, गंभीर मामलों में कानूनी कार्रवाई सख्ती से की जा रही है। महिलाओं के खिलाफ बढ़ते इन मामलों ने समाज में उनकी सुरक्षा और सम्मान को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े किए हैं। इससे जागरूकता बढ़ाने और सख्त सामाजिक कदम उठाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *