हाईकोर्ट पहुंचा ‘धुरंधर 2’ को बैन करने का मामला, रणवीर सिंह की फिल्म पर विवाद तेज, अदालत में याचिका दायर

हाईकोर्ट पहुंचा ‘धुरंधर 2’ को बैन करने का मामला, रणवीर सिंह की फिल्म पर विवाद तेज, अदालत में याचिका दायर

Dhurandhar 2 Ban Plea: इन दिनों फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ एक बार फिर चर्चा में है, लेकिन इस बार वजह बॉक्स ऑफिस कलेक्शन नहीं बल्कि कानूनी विवाद है। रिपोर्ट्स के मुताबिक तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव से पहले फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग को लेकर मद्रास हाईकोर्ट में याचिका दायर करने की पहल की गई है। इस मामले ने फिल्म इंडस्ट्री और राजनीतिक गलियारों दोनों में हलचल बढ़ा दी है।

रिलीज टाइमिंग को लेकर आपत्ति (Dhurandhar 2 Ban Plea)

बताया जा रहा है कि फिल्म के राजनीतिक विषयों और चुनावी माहौल के बीच रिलीज टाइमिंग को लेकर आपत्ति जताई गई है। याचिकाकर्ता का कहना है कि चुनाव से ठीक पहले इस तरह की संवेदनशील पृष्ठभूमि वाली फिल्म का प्रदर्शन आचार संहिता के उल्लंघन की आशंका पैदा कर सकता है। हालांकि अदालत ने फिलहाल मौखिक आग्रह पर तुरंत रोक लगाने के बजाय औपचारिक याचिका दाखिल करने का निर्देश दिया है, जिसके बाद ही इस मामले पर अगली सुनवाई होगी।

आदित्य धर ने किया डायरेक्शन (Dhurandhar 2 Ban Plea)

ये फिल्म निर्देशक आदित्य धर की चर्चित एक्शन फ्रेंचाइजी का दूसरा भाग है। फिल्म की कहानी कराची के लियारी इलाके की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जहां अंडरवर्ल्ड और खुफिया ऑपरेशनों की दुनिया को दिखाया गया है। इसमें मुख्य भूमिका निभा रहे रणवीर सिंह का किरदार जसकीरत सिंह रंगी से हमजा अली मजारी बनने तक के सफर को दर्शाता है, जो कहानी को और रोचक बनाता है।

फिल्म में वास्तविक घटनाएं की गईं शामिल (Dhurandhar 2 Ban Plea)

फिल्म में कई वास्तविक घटनाओं से प्रेरित संदर्भ भी शामिल किए गए हैं, जिनमें कंधार हाईजैक, 2001 के भारतीय संसद अटैक और 2008 मुंबई अटैक जैसी घटनाओं की झलक देखने को मिलती है। यही कारण है कि फिल्म की संवेदनशील विषयवस्तु को लेकर चुनावी माहौल में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

इस बीच अभिनेता विजय की फिल्म ‘जन नायकन’ भी इसी तरह की मुश्किलों का सामना कर रही है। बताया जा रहा है कि सेंसर बोर्ड (सीबीएफसी) ने चुनावी आचार संहिता लागू होने के कारण इस फिल्म के प्रमाणन को फिलहाल रोक दिया है और मामले को इलेक्शन कमिशन ऑफ इंडिया के पास समीक्षा के लिए भेजा गया है।

‘धुरंधर द रिवेंज’ को मिल रही शानदार प्रतिक्रिया

हालांकि ‘धुरंधर: द रिवेंज’ को दर्शकों की ओर से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है और फिल्म में अर्जुन रामपाल, आर माधवन, संजय दत्त, राकेश बेदी जैसे कलाकारों की एक्टिंग की भी सराहना हो रही है। इसके बावजूद चुनावी माहौल में फिल्म की रिलीज को लेकर उठे सवालों ने नई बहस को जन्म दे दिया है।

अब सबकी नजर मद्रास हाई कोर्ट के अगले फैसले पर टिकी हुई है, जो यह तय करेगा कि तमिलनाडु में फिल्म की रिलीज पर कोई रोक लगती है या नहीं। फिलहाल यह मामला मनोरंजन जगत के साथ-साथ राजनीतिक माहौल में भी चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *