लखीमपुर खीरी के फूलबेहड़ क्षेत्र में जबरन धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। यह मामला सुरजीपुरवा गांव, रामनगर खुर्द ग्राम सभा से जुड़ा है। पीड़ित नितिन सैनी की तहरीर पर चार लोगों को नामजद किया गया है, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है। पीड़ित नितिन सैनी, जो देवकली रोड, गांधी नगर लखीमपुर खीरी के निवासी हैं, ने बताया कि वह लंबे समय से स्वास्थ्य लाभ के लिए गांव स्थित रामचन्दी के आवास पर जाते थे। 9 जनवरी 2026 को रामसहारे के बुलावे पर वह वहां पहुंचे, जहां ईसाई मिशनरियों द्वारा प्रार्थना सभा के नाम पर लगभग 70 से अधिक लोगों को एकत्र कर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था। तहरीर के अनुसार, सभा के दौरान हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं और लोगों को हिंदू धर्म छोड़ने के लिए उकसाया गया। सभा समाप्त होने के बाद पीड़ित नितिन सैनी को 5 हजार रुपए नकद, राशन, दवाइयां, बाइबिल और क्रॉस चिन्ह देकर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाया गया। उन्हें जमीन देने और देखभाल का आश्वासन भी दिया गया। जब पीड़ित ने इसका विरोध किया, तो उसे घेर लिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को देखते ही पादरी सहित सभी आरोपी पीछे के दरवाजे से फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में रामचन्दी, रामसहारे, विजयपाल और एक अज्ञात पादरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 299 तथा उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम 2021 की धारा 3 व 5(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


