कानपुर के पनकी मे दिल्ली के एक रेस्टोरेंट में हुई जान-पहचान का फायदा उठाकर एक शातिर ने रतनपुर निवासी युवक को डीटीएच की डिस्ट्रीब्यूटरशिप दिलाने के नाम पर सात लाख रुपये की चपत लगा दी। युवक की शिकायत पर पुलिस ने सहारनपुर निवासी आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। रतनपुर निवासी मनी त्रिपाठी के मुताबिक, वह बीते दिनों निजी कार्य से दिल्ली गया था। वहां एक रेस्टोरेंट में भोजन करते समय उनकी मुलाकात अभिनव गुप्ता नामक युवक से हुई। युवक ने खुद को बाजोरिया रोड, जनकनगर (सहारनपुर) का निवासी बताते हुए बड़ा कारोबारी होने का दावा किया। बातों-बातों में उसने डीटीएच नेटवर्क के मुनाफे वाले कारोबार का लालच दिया। चार खातों में मंगवाई रकम आरोप है कि अभिनव ने युवक को कंपनी की फ्रेंचाइजी दिलाने का भरोसा दिया और कागजी कार्रवाई व सिक्योरिटी मनी के नाम पर रुपयों की मांग की। भरोसे में आकर मनी त्रिपाठी ने आरोपी द्वारा बताए गए चार विभिन्न बैंक खातों में कुल सात लाख रुपये स्थानांतरित कर दिए। रकम मिलने के बाद आरोपी टालमटोल करने लगा और अंततः अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। ठगी का शिकार होने के बाद पीड़िता ने पनकी थाने में तहरीर दी। पनकी थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी क़ो गिरफ्तार कर जेल भेजा जायेगा


