प्रयागराज के पूरामुफ्ती में ग्राम प्रधान व उनके दो साथियों पर हमले व राइफल छीनने की घटना में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। कोर्ट के आदेश पर 36 दिन बाद यह कार्रवाई की गई है। इसमें 12 नामजद व 40-50 अज्ञात पर केस लिखा गया है। 25 फरवरी की रात की घटना
मिथिलेश कुमार निवासी मरदानपुर, मनौरी ने बताया, 25 फरवरी की रात 12 बजे के करीब वह गांव के ही अवधेश व प्रधान मरदानपुर सुशील कुमार के साथ मीरपुर से निमंत्रण से वापस घर जा रहा था। रास्ते में जनका गांव में शादी थी जहां डीजे साउंड वाहन रास्ते में खड़ा था। इसे हटाने के लिए कहने पर वहां मौजूद लोगों ने गालीगलौज की और प्रधान पर हमला बोल दिया। मय कारतूस ले गए राइफल
उनकी लाइसेंसी राइफल मैगजीन लगी हुई, जिसमें 5 कारतूस भी थे, छीन ले गए और 18000 नकद व 32 ग्राम सोने की चेन भी लूट ली। आरोप है कि उसी रात सूचना देने के बाद भी पूरामुफ्ती थाने में रिपोर्ट नहीं दर्ज की गई। अफसरों को भी शिकायती पत्र दिया गया। इसके बाद उसने कोर्ट में गुहार लगाई। कोर्ट ने सुनवाई के बाद इस मामले में एफआईआर के आदेश दिए। दूसरे पक्ष से पहले ही दर्ज है रिपोर्ट
एसओ पूरामुफ्ती मनोज कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर दशरथ पटेल, मान सिंह उर्फ लालू पटेल, विक्रमाजीत, लाला केशरवानी, सुभाष सिंह, पारस पटेल, अभिषेक कुमार उर्फ विजय पटेल, अभिषेक कुमार, मनोज पटेल, कल्लू पटेल, रमाकान्त पटेल, अमन पटेल एवं अज्ञात 40-50 लोगों पर लूट समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इस मामले में दूसरे पक्ष से पहले ही मारपीट समेत अन्य धाराओं में पांच नामजद व अन्य अज्ञात पर आठ मार्च को मुकदमा लिखा जा चुका है। जांच पड़ताल की जा रही है।


