कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी क्षेत्र में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला प्रकाश में आया है। थाना तलवंडी चौधरियां की पुलिस ने गांव बूलपुर के एक व्यक्ति से 25 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में एक दंपत्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस को दी गई शिकायत में गांव बूलपुर निवासी गुरप्रीत सिंह पुत्र जसवंत सिंह ने बताया कि उनके ही गांव के निवासी प्रीतपाल सिंह और उनकी पत्नी मनदीप कौर ने उन्हें झांसा दिया था। आरोपियों ने पीड़ित को प्रॉपर्टी और बिजनेस में पैसा निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने उनसे कुल 25 लाख रुपये ले लिए। लेकिन समय बीतने के बाद न तो आरोपियों ने कहीं निवेश किया और न ही पीड़ित की रकम वापस लौटाई। बार-बार पैसे मांगने पर जब कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई।
पुलिस की कार्रवाई शिकायत की प्राथमिक जांच और दस्तावेजों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों पुलिस ने प्रीतपाल सिंह और मनदीप कौर के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 420 (धोखाधड़ी) और 406 (अपराधिक विश्वासघात) के तहत मामला दर्ज किया है। एएसआई बलबीर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश व आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है।


