बाड़मेर ग्रामीण थाना क्षेत्र के सोमाणियों की ढाणी निवासी 22 वर्षीय युवक अब एमडी की तस्करी कर रहा है। 10वीं के बाद पढ़ाई छोड़कर ड्राइविंग शुरू की। ज्यादा मुनाफा नहीं दिखा। वाहन चोरी किए। तस्करों को बेचने लगा। उन्हीं तस्करों ने उसे मादक पदार्थों की तस्करी के धंधे में धकेल दिया। इसके बाद आरोपी तस्करों के साथ मिलकर एमडी बेचने लगा। अब एएनटीएफ ने आरोपी खुशालाराम को 118 ग्राम एमडी के साथ गिरफ्तार किया है। बाड़मेर एएनटीएफ टीम ने रविवार को जालीपा मेडिकल कॉलेज के पास एमडी बेचते हुए आरोपी खुशालाराम पुत्र गुमनाराम भील, निवासी सोमाणियों की ढाणी, को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 118 ग्राम एमडी जब्त की गई है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थानों में चार मामले दर्ज हैं। ड्रग्स बेचते खुद बना नशेड़ी आरोपी की मीट दुकान पर ड्रग्स तस्करों से मुलाकात हुई। उनकी जीवन शैली देखकर मजदूरी छोड़ दी। तस्करों के साथ रहने लगा। आरोपी खुशालाराम मादक पदार्थ की तस्करी करता रहा। वह खुद भी नशेड़ी हो गया। जितने रुपए ड्रग्स से कमाता था, वह नशे में उड़ा देता। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2021 में जैसलमेर में चोरी के 2 मामले दर्ज हैं। वर्ष 2025 में बाड़मेर थाने में पोक्सो और मारपीट के 2 मामले दर्ज हैं।


