भास्कर न्यूज | लुधियाना ईशर नगर इलाके में एक व्यक्ति पर अपने ही पिता की संपत्ति को फर्जी दस्तावेजों के ज़रिए अपने नाम करवाने का आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी के तहत केस दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार मनजीत सिंह निवासी ईशर नगर ने पुलिस कमिश्नर को दी शिकायत में बताया कि उसके पिता हरदेव सिंह की मृत्यु 2018 में हुई थी। पिता की जायदाद में उसका, उसकी बहन बलजीत कौर और पिता की दूसरी पत्नी गुरचरण कौर का भी कानूनी हक था। लेकिन, उनके भाई गुरप्रीत सिंह, जो ईशर नगर का ही रहने वाला है, ने दफ्तर कानूनगो और कुछ अन्य अधिकारियों की मिलीभगत से फर्जी हलफनामा और झूठा बयान देकर खुद को पिता की संपत्ति का इकलौता वारिस बता दिया। आरोप है कि गुरप्रीत सिंह ने अपने नाम पर गांव गिल में स्थित जमीन का इंतकाल दर्ज करवा लिया। विवाद की जांच के बाद एडीसीपी (ऑपरेशन) लुधियाना ने अपनी रिपोर्ट में पाया कि आरोपी ने जालसाजी कर पिता की संपत्ति अपने नाम करवाई है। रिपोर्ट में स्पष्ट लिखा गया कि गुरप्रीत सिंह ने झूठा हलफनामा देकर अन्य वारिसों का हक मारा और सरकारी रिकॉर्ड में फर्जी इंतकाल करवाया है। कमिश्नर ऑफ पुलिस लुधियाना के आदेश पर थाना सदर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच माराडो चौकी इंचार्ज को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


