बस्ती जनपद के छावनी थाना क्षेत्र में एक युवक को सोशल मीडिया के जरिए मेले में बुलाकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना छावनी क्षेत्र के ग्राम लजघटा निवासी सुजल पाण्डेय पुत्र संतोष कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 15 फरवरी 2026 की रात लगभग 1 बजे एक व्यक्ति ने उन्हें इंस्टाग्राम पर मैसेज कर रानी गांव मेले में बुलाया। सुजल के अनुसार, जब वह मेले पहुंचे तो आरोपी ने उनसे कहासुनी शुरू कर दी और गाली-गलौज करने लगा। सुजल के विरोध करने पर आरोपी ने उनके साथ बुरी तरह मारपीट की, जिससे वह घायल हो गए। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद सुजल किसी तरह वहां से निकलकर घर पहुंचे और अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने इस मामले में 15 फरवरी को दोपहर 3:59 बजे मुकदमा दर्ज किया। पुलिस के मुताबिक, नामजद आरोपी शुभम वर्मा निवासी थरुआपुर, जनपद बस्ती और एक अज्ञात सहयोगी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला पंजीकृत किया गया है।


