साइबर क्राइम पुलिस लुधियाना ने सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक पोस्ट के आधार पर ऑनलाइन जुआ प्लेटफॉर्म चलाने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार 3 फरवरी को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक अकाउंट (@indianews965893) से पोस्ट शेयर की गई थी। इसमें दावा किया गया कि लुधियाना निवासी शैलेश नामक व्यक्ति “बिग डैडी कैसिनो” नाम से ऑनलाइन जुआ प्लेटफॉर्म चला रहा है। जांच में सामने आया कि आरोपी अपने मोबाइल नंबरों और टेलीग्राम अकाउंट @Shaileshdabng के जरिए लोगों को ऑनलाइन जुआ ग्रुप से जुड़ने के लिए उकसाता था। मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर क्राइम थाना लुधियाना ने एफआईआर नंबर 11 दिनांक 03.02.2026 दर्ज की है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) तथा जुआ अधिनियम की धाराओं 13, 3 और 67 के तहत केस दर्ज किया गया है।लुधियाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर चल रही गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


