भास्कर न्यूज | अमृतसर अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल की पवित्र परिक्रमा से जुड़े एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से तैयार तीन विवादित वीडियो सामने आने के बाद मामला गरमा गया है। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की शिकायत पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन अमृतसर में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 (धार्मिक भावनाएं आहत करना) और धारा 353(2) और 353(3) (धार्मिक स्थल से जुड़ी सामग्री के जरिये समुदायों में वैमनस्य फैलाने) के तहत 29 जनवरी को मामला दर्ज किया है। एफआईआर के मुताबिक सोशल मीडिया पर अपलोड तीन अलग अलग वीडियो को लेकर आपत्ति जताई गई है। पहले वीडियो में एक युवक जूते पहनकर श्री हरमंदर साहिब की पवित्र परिक्रमा में खड़ा दिखाई देता है, जो सिख मर्यादा के खिलाफ है। आगे वीडियो में काली कार को परिक्रमा में दाखिल होते दिखाया गया है और युवक कार में बैठकर परिसर से बाहर जाता नजर आता है। दूसरे एआई वीडियो में श्री हरमंदर साहिब का बदला हुआ दृश्य दिखाया गया है, जिसे धार्मिक मर्यादा के विरुद्ध बताया गया है। तीसरे वीडियो में गोल्डन टेंपल के सामने एक कपल को आपत्तिजनक हरकत करते हुए दिखाया गया है, जिस पर भी कड़ा विरोध सामने आया है। वीडियो वायरल होने के बाद एसजीपीसी ने अमृतसर पुलिस कमिश्नर को दो अलग अलग शिकायतें दीं। इसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया। एसजीपीसी ने एआई के बढ़ते दुरुपयोग को गंभीरता से लेते हुए पहले ही कदम उठाया था। 13 अक्टूबर 2025 को अंतरिम कमेटी की बैठक में एक विशेष उप कमेटी बनाई गई थी। इस कमेटी का मकसद एआई से तैयार हो रही ऐसी वीडियो, फोटो या डिजिटल सामग्री पर विशेषज्ञों की राय लेना और रोक के लिए सुझाव तैयार करना है, जो सिख धर्म, गुरु परंपरा या धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचा सकती है।


