Crime News : भाजपा विधायक के ब्लॉक प्रमुख भाई की संदेहजनक मौत के मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। बता दें कि रानीखेत विधायक प्रमोद नैनवाल के भाई भिकियासैंण ब्लॉक प्रमुख सतीश नैनवाल की बीते 10 फरवरी को मौत हुई थी। भतरौंजखान पुलिस के मुताबिक विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने तहरीर सौंपी है। इसमें कहा गया है कि भिकियासैंण से ब्लॉक प्रमुख और उनके भाई सतीश नैनवाल का 10 फरवरी को उपचार के दौरान एम्स में निधन हो गया था। उनके निधन से कुछ दिन पूर्व छह फरवरी को सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर आरोपियों ने एक पोस्ट की गई थी, जिसकी भाषा और आशय से प्रतीत होता है कि उनके भाई को बदनाम करने के उद्देश्य से जानबूझकर उन पर मानसिक दबाव बनाया गया था। इस पोस्ट के कुछ समय बाद उनके भाई का अत्यंत संदेहनजक परिस्थिति में निधन हो गया। उन्होंने आशंका जताई कि आरोपी सुरेन्द्र सिंह रावत, महेंद्र सिंह रावत, अनुज जोशी, वीर सिंह सभी निवासी भिकियासैंण समेत अन्य के षड्यंत्र या हानिकारक कृत्य के कारण उनके भाई का निधन हुआ। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
तहरीर में नहीं अधिक जानकारी
भाई की मौत का गम झेल रहे विधायक प्रमोद नैनवाल ने छह लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर पुलिस को सौंपी है। पुलिस के मुताबिक तहरीर में आरोपियों के बारे में नाम के अलावा अन्य कोई जानकारी नहीं दी गई है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई करने की मांग की है। एसओ भतरौंजखान अवनीश कुमार के मुताबिक तहरीर के आधार पर बीएनएस की धारा 131 (3), 352 में चार लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।


