बागपत में कार-ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर, 6 घायल:स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकाला, जांच में जुटी पुलिस

बागपत में कार-ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर, 6 घायल:स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकाला, जांच में जुटी पुलिस

बागपत के गौरीपुर यमुना पुल पर देर रात एक ईको कार और पराली से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में कार में सवार छह लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को कार से बाहर निकाला और उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने कार चालक जगदीश और यात्री मनीष की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। घायल मनीष ने बताया कि ईको कार की रफ्तार काफी तेज थी। उन्होंने और कार में सवार अन्य यात्रियों ने कई बार चालक को गति धीमी करने के लिए कहा था, लेकिन चालक ने उनकी बात नहीं सुनी। कुछ दूर आगे चलने पर यह हादसा हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया गया। पुलिस मामले की आगे की छानबीन कर रही है। बागपत में अक्सर प्रतिबंधित वाहनों के कारण सड़क हादसों की संभावना बनी रहती हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *