कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पीएसी रोड गंगागंज के पास एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में कार में सवार तीन दोस्त मामूली रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बाहर निकलवाकर प्राथमिक उपचार दिलाया। पुलिस के मुताबिक तीनों दोस्त शराब पार्टी के बाद घर लौट रहे थे। परीक्षा देने आए थे दो युवक
घायलों की पहचान प्रयागराज निवासी अमन मिश्रा और आशीष के रूप में हुई है, जो दरोगा भर्ती परीक्षा देने कानपुर आए थे। परीक्षा के बाद उनकी मुलाकात बर्रा बारा जूही कलां निवासी अपने दोस्त सार्थक यादव से हुई। इसके बाद तीनों ने साथ में शराब पार्टी की। 80 की रफ्तार में आई कार
देर रात सार्थक यादव अपनी कार से अमन और आशीष को रामादेवी छोड़ने जा रहा था। जैसे ही उनकी कार पीएसी मोड़ गंगागंज के पास पहुंची, अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार कैंट की ओर से करीब 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आ रही थी। डिवाइडर से टकराते ही कार पलट गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत तीनों युवकों को कार से बाहर निकाला। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त
सूचना मिलने पर चकेरी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार दिलाया। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ है, हालांकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया।


