मुरैना के जौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-552 पर अगरौता गांव के पास शुक्रवार शाम 5:30 बजे एक तेज रफ्तार कार (MP 07 CB 2390) ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार रिश्ते के ससुर पीरू खान (40) और दामाद शाहिद उर्फ भूरा खान (28) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों 10 अप्रैल को होने वाली पीरू खान की बेटी की शादी के कार्ड बांटने निकले थे। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जौरा पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर मर्ग कायम कर लिया है और फरार कार चालक की तलाश कर रही है। 10 अप्रैल को है बेटी की शादी, कार्ड बांटने निकले थे सहसरामपुर ग्राम निवासी शाहिद उर्फ भूरा खान अपने फूफा ससुर (गुर्जा निवासी) पीरु खान को साथ लेकर बाइक से शादी के कार्ड रिश्तेदारों में बांटने के लिए निकले थे। पीरु खान की बेटी रौनक की 10 अप्रैल को शादी होनी है। जौरा से वापस कैलारस जाते समय अगरौता गांव के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया। कार सड़क से नीचे गिरी, चालक मौके से फरार टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे में बाइक सवार ससुर-दामाद की मौके पर जान चली गई। वहीं, कार में सवार बंटी कुशवाह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कार चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया। जौरा पुलिस ने घायल बंटी को जौरा अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एसडीओपी बोले- कार चालक की तलाश की जा रही है जौरा एसडीओपी नितिन बघेल के अनुसार, “सड़क हादसा काफी दर्दनाक था जिसमें दो बाइक सवार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई । कार सवार एक गंभीर घायल है । कार चालक फरार है जिसकी तलाश की जा रही है । मर्ग कायम कर लिया है ।” पुलिस की अपील- दूर के रिश्तेदारों को दें वर्चुअल आमंत्रण हादसे के बाद मुरैना पुलिस ने लोगों से अपील जारी की है। पुलिस ने कहा है कि शादी समारोह, भागवत कथा या अन्य कार्यक्रमों में निमंत्रण देने के लिए वर्चुअल आमंत्रण का उपयोग करें। केवल स्थानीय (लोकल) स्तर पर ही व्यक्तिगत रूप से कार्ड भेजें। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि बाइक चलाते समय आवश्यक रूप से हेलमेट का प्रयोग करें।


