फतेहपुर जनपद के मलवां थाना क्षेत्र में प्रयागराज-कानपुर नेशनल हाईवे पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अलीपुर के समीप हुए इस हादसे में एक ट्रेलर ट्रक ने कार को टक्कर मार दी, जिससे कार चालक की मौके पर ही मृत्यु हो गई। जानकारी के अनुसार, कानपुर से प्रयागराज की ओर जा रही आर्टिका कार को ट्रेलर ट्रक ने जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में एक अन्य ट्रक से जा टकराई। इस टक्कर से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सिमटकर छोटी हो गई। हादसे में कार इतनी क्षतिग्रस्त हो गई कि उसका नंबर भी स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। हालांकि, कार का नंबर यूपी 70 होने से उसके प्रयागराज की होने का अनुमान लगाया जा रहा है। मृतक चालक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। सूचना मिलने पर एनएचएआई विभाग और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गैस कटर की मदद से कार को काटकर चालक के शव को बाहर निकाला। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। मलवां थाना पुलिस फरार ट्रेलर चालक की तलाश कर रही है। साथ ही, मृतक चालक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अन्य विधिक कार्यवाही की जा रही है।


