भिवानी के दिनोद गेट पर कार व स्कूटी का एक्सीडेंट होने का मामला सामने आया है। हादसा उस समय हुआ जब रात को स्कूटी सवार अपने भाई के घर से वापस अपने घर आ रहा था। इसी दौरान कार चालक ने उसे टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूटी सवार को चोटें आई। वहीं पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी। भिवानी की कृष्णा कॉलोनी निवासी दीपक ने दिनोद गेट पुलिस चौकी में शिकायत दी। शिकायत में बताया वह मेहनत मजदूरी करता है। 16 जनवरी की रात को करीब 11 बजे वह अपने भाई के घर सेक्टर-13 से अपने घर कृष्णा कॉलोनी में स्कूटी पर सवार होकर आ रहा था। जब वह दिनोद गेट चौक से कृष्णा कॉलोनी की तरफ मुड़ा तो जोगी वाला मंदिर की तरफ से एक कार चालक अपनी कार को तेज रफ्तार व लापरवाही से चलाता हुआ आया। जिसने उसकी स्कूटी को सीधी टक्कर मारी, टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर गया। अस्पताल में करवाया भर्ती
टक्कर लगने व सड़क पर गिरने के कारण उसके सिर व पैरों में काफी चोटें लगी। इसी दौरान कार चालक अपनी गाड़ी को मौके पर छोड़कर भाग गया। इसी दौरान काफी लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। जिन्होंने साधन का प्रबंध करके उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां पर चिकित्सकों ने उसका उपचार आरंभ कर दिया। वहीं मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम पहुंची। जिसने घायल की शिकायत के आधार पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी।


