LSG के गेंदबाजों ने लगभग 14% रन वाइड और लेग बाई में दिये, मैच के बाद नाराज़ हुए कप्तान ऋषभ पंत, दिया ये बयान

LSG के गेंदबाजों ने लगभग 14% रन वाइड और लेग बाई में दिये, मैच के बाद नाराज़ हुए कप्तान ऋषभ पंत, दिया ये बयान

Lucknow Super Giants vs Delhi Capitals, IPL 2026: लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को दिल्ली कैपिटल्स (DC) के हाथों इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के पांचवें मुकाबले में 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। मैच के बाद लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत गेंदबाजों द्वारा दिए गए ‘अतिरिक्त रनों’ पर नाराज़ होते हुए नज़र आए।

लखनऊ के गेंदबाजों ने दिये 20 अतिरिक्त रन

पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम 18.4 ओवरों में 141 रन पर सिमट गई थी। इसके जवाब में दिल्ली ने 26 रन पर 4 विकेट खोने के बावजूद 17.1 ओवरों में इस लक्ष्य को हासिल कर लिया। दिल्ली की पारी में लखनऊ सुपर जायंट्स के गेंदबाजों ने 20 अतिरिक्त रन लुटाए। इनमें 16 वाइड और 4 लेग बाई शामिल थे। यह टोटल स्कोर का करीब 14% है।

मैच के बाद पंत ने दिया यह बयान

मैच गंवाने के बाद ऋषभ पंत ने कहा, “जब आप 140 रन बनाते हैं, तो आप ज्यादा कोशिश करते हैं। अगर वे सामान्य क्रिकेट खेलते हैं, तो वे जीत जाते हैं। पावर-प्ले में कुछ और विकेट मिल जाते, तो उन पर दबाव बन सकता था।” पंत ने माना कि शुरुआत में गेंदबाजों को पिच से मदद मिल रही थी, लेकिन उन्हें लगा कि उनकी टीम बल्लेबाजी में इसका फायदा नहीं उठा पाई। उन्होंने समझाया, “नई गेंद से मदद मिल रही थी, लेकिन हम कोई बड़ी साझेदारी नहीं बना पाए। जब ​​आपके पास काफी रन नहीं होते, तो आपको कुछ मुश्किल फैसले लेने पड़ते हैं, जैसे किसी बल्लेबाज से थोड़ी गेंदबाजी करवाना।”

उबरने का सबसे अच्छा तरीका नजरअंदाज करो

अपनी खुद की विकेट के बारे में बात करते हुए पंत ने कहा, “इससे उबरने का सबसे अच्छा तरीका है कि इसे नजरअंदाज कर दिया जाए। आप इसे नियंत्रित नहीं कर सकते, और इसके बारे में सोचते रहने से आप दबाव में आ जाते हैं।” इस मैच में कप्तान पंत 7 रन बनाकर आउट हुए, जबकि आयुष बडोनी खाता तक नहीं खोल सके।

टीम के बैटिंग के तरीके और आयुष बडोनी की भूमिका पर बात करते हुए, पंत ने कहा, “सोच सीधी-सादी थी। वह मिडल ओवर्स में मोर्चा संभालते, जबकि मैं बैटिंग क्रम में ऊपर आता। हम चाहते थे कि लेफ्ट-राइट का कॉम्बिनेशन बना रहे, ताकि विरोधी टीम अपने लेफ्ट-आर्म स्पिनर के साथ जम न पाए। मैं गलत समय पर आउट हो गया। अक्षर के पास पावर-प्ले में अभी भी एक ओवर बाकी था, जिससे हमें मदद मिल सकती थी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *