T20 World Cup Pak-Sri Match Update: शनिवार को पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। इस सुपर-8 मुकाबले में कहानी कुछ ऐसी घटी कि जीतकर भी पाकिस्तान हारता हुआ नजर आया, और श्रीलंका हारकर भी जीत गया। जी हां, दासुन शनाका की अगुआई में श्रीलंका की टीम ने 213 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए आख़िरी गेंद तक मुकाबले को जिंदा रखा। पाकिस्तान ने भले ही 5 रनों से मैच जीत लिया हो, लेकिन सेमीफाइनल की टिकट उसकी जेब से फिसलकर सीधे न्यूजीलैंड की झोली में जा गिरी। दूसरी ओर, श्रीलंकाई खिलाड़ियों का जज़्बा, जुझारूपन और आखिरी सांस तक लड़ने का जज्बा देखकर दर्शक वाह-वाह करते नहीं थके। पाक गेंदबाज जहां दबाव में दिखे, वहीं शनाका और उनकी टीम ने साबित कर दिया कि क्रिकेट सिर्फ जीत-हार का खेल नहीं, दिल जीतने का भी नाम है।
बता दें पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए श्रीलंका को 147 या उससे कम रनों पर रोकना था। हालांकि, मेहमान टीम के गेंदबाज ऐसा करने में नाकाम रहे।
क्या रहा मैच का हाल? आंकड़ों से समझिए…
पाकिस्तान से मिले 213 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पथुम निसांका सिर्फ 3 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए। कामिल मिशारा ने कुछ अच्छे शॉट लगाए, लेकिन वह भी 26 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। चरित असंलका को अबरार अहमद ने 25 रन पर बोल्ड कर दिया। कामिंडु मेंडिस (3) और जनिथ लियानागे (5) भी टीम को संभाल नहीं सके।
एक तरफ विकेट गिरते रहे, लेकिन पवन रत्नायके ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों पर 58 रन बनाए। उन्होंने 4 चौके और 3 छक्के जड़े। कप्तान दासुन शनाका ने अंतिम ओवरों में जबरदस्त पारी खेली। उन्होंने सिर्फ 31 गेंदों में 76 रन ठोक दिए। 19वें ओवर में उन्होंने 18 रन बनाए और आखिरी ओवर में 22 रन, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके। अंतिम ओवर में श्रीलंका को 28 रन चाहिए थे। शनाका ने तीन छक्के और एक चौका लगाया, लेकिन आखिरी दो गेंदों पर बड़े शॉट नहीं लगा पाए। पाकिस्तान की ओर से अबरार अहमद ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 23 रन देकर 3 विकेट लिए।
इससे पहले पाकिस्तान ने 20 ओवर में 212 रन बनाए। साहिबजादा फरहान ने 60 गेंदों पर 100 रन जड़े, जबकि फखर जमान ने आक्रामक खेल दिखाते हुए 42 गेंदों पर 84 रन बनाए। दोनों ने पहली विकेट के लिए 176 रन जोड़कर टी20 वर्ल्ड कप की सबसे बड़ी साझेदारी बनाई। इनके अलावा पाकिस्तान के बाकी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाए। सलमान आगा और मोहम्मद नवाज बिना रन बनाए आउट हुए, जबकि शादाब खान केवल 2 रन बना सके।
श्रीलंका की ओर से गेंदबाजी में दिलशान मदुशंका ने 33 रन देकर 3 विकेट लिए और दासुन शनाका ने 2 विकेट हासिल किए। सुपर-8 के ग्रुप-2 से इंग्लैंड और न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में पहुंच गए, जबकि पाकिस्तान और श्रीलंका का टूर्नामेंट यहीं खत्म हो गया।




