दिल्ली से अलवर गुरुद्वारे में मत्था टेकने आ रहा एक परिवार मंगलवार देर शाम हादसे का शिकार हो गया। दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर पिनान रेस्ट हाउस के समीप तेज रफ्तार कैंटरा ने कार को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे कार बेकाबू होकर चार बार पलट गई। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए। देखे एक्सीडेंट से जुड़ी PHOTOS…. पुलिस के अनुसार जनकपुरी, दिल्ली निवासी मनप्रीत अपनी बहन जसलीम कौर, मां जसवीर कौर और भांजी साक्षी के साथ अलवर के मनु मार्ग स्थित गुरुद्वारे में दर्शन करने आ रहे थे। जैसे ही उनकी कार पिनान के पास पहुंची, पीछे से आ रहे कैंटर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सड़क पर कई मीटर तक घिसटती हुई पलटती चली गई। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही राजगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत स्थिर है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात बहाल कराया। मामले की जांच की जा रही है।


