ICC T20 World Cup 2026: कनाडा के 19 वर्षीय ओपनर युवराज समरा (Yuvraj Samra) ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 31वें मैच (Canada vs New Zealand) में न्यूजीलैंड के खिलाफ 65 गेंदों पर 110 रन की ऐतिहासिक पारी खेली। वह टी20 विश्व कप में शतक जमाने वाले एसोसिएट देश के पहले बल्लेबाज और टूर्नामेंट के सबसे युवा शतकवीर बने। हालांकि मैच में न्यूजीलैंड ने 8 विकेट से जीत दर्ज की।
ICC T20 World Cup 2026: चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में मंगलवार के मैच (Canada vs New Zealand) में क्रिकेट जगत ने एक ऐसी पारी देखी जो इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज हो गई। कनाडा के 19 वर्षीय ओपनर युवराज सिंह सामरा (Yuvraj Samra) ने न्यूजीलैंड के खिलाफ मात्र 65 गेंदों पर 110 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 6 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। यह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में किसी भी एसोसिएट देश के बल्लेबाज का पहला शतक है। महज 19 साल और 141 दिन की उम्र में सामरा ने पाकिस्तान के अहमद शहजाद (22 साल, 2014) का रिकॉर्ड तोड़कर टूर्नामेंट के सबसे युवा शतकवीर बनने का गौरव भी हासिल किया।
सामरा ने पहली 19 गेंदों पर सावधानी से खेलते हुए नजरें जमाई, लेकिन छठे ओवर में जेम्स नीशम के ओवर में तीन चौके और एक छक्का जड़कर ये साफ कर दिया कि आज का दिन उनका है। 36 गेंदों पर अर्धशतक पूरा करने के बाद उन्होंने गियर चेंज किया और अगले 52 रन केवल 22 गेंदों में जोड़े। 17वें ओवर की आखिरी गेंद पर काइल जेमीसन की गेंद पर चौका मारकर सामरा ने अपना ऐतिहासिक शतक पूरा किया। उनका शतक 58 गेंदों पर आया। मैच के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में उन्होंने कहा, “मैंने इस पल की कल्पना तभी से की थी जब हमने वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई किया था। यहां आकर, अपने पहले मैच में शतक जड़ना सच में एक सपना सच होने जैसा है।”
बेकार हुआ शतक
कनाडा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी और सामरा व कप्तान दिलप्रीत बाजवा (36) के बीच पहले विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी के बल पर 173/4 का स्कोर खड़ा किया, जो किसी फुल मेंबर टीम के खिलाफ किसी एसोसिएट टीम की ओपनिंग जोड़ी का टी20 वर्ल्ड कप रिकॉर्ड है। जवाब में न्यूजीलैंड ने ग्लेन फिलिप्स (76) और रचिन रवींद्र (59) की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से 8 विकेट शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।
इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ग्रुप डी से सुपर 8 के लिए क्वालीफाई करने वाली छठी टीम बन गई। साथ ही कनाडा और अफगानिस्तान ग्रुप चरण से ही बाहर हो गए। कनाडा ने इस टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन किया, अगर गेंदबाजी विभाग थोड़ा और बैलेंस दिखाता तो दर्शकों को ओमान की तरफ से चौंकाने वाले मैच देखने को मिल सकते थे।
एसोसिएट देशों के T20 वर्ल्ड कप में शीर्ष 5 व्यक्तिगत स्कोर
- 110 – युवराज सामरा (कनाडा) बनाम न्यूजीलैंड, चेन्नई, 2026
- 94* – एरोन जोन्स (यूएसए) बनाम कनाडा, ग्रैंड प्रेयरी, 2024
- 86 – माइकल जोन्स (स्कॉटलैंड) बनाम आयरलैंड, होबार्ट, 2022
- 84 – जॉर्ज म्यूनसे (स्कॉटलैंड) बनाम इटली, कोलकाता, 2026
- 80* – एंड्रीज गाउस (यूएसए) बनाम दक्षिण अफ्रीका, नॉर्थ साउंड, 2024
पिता हैं युवराज सिंह के फैन, उन्हीं के नाम पर रखा नाम, चाहते हैं बेटा उन्हीं की तरह खेले
युवराज सिंह सामरा का क्रिकेट से रिश्ता उनके जन्म से पहले ही तय कर दिया गया था। उनके पिता बलजीत सामरा पंजाब से निकलकर कनाडा के ब्रैम्पटन, ओंटारियो में बस गए थे। बलजीत भारतीय क्रिकेट के दिग्गज युवराज सिंह के जबरदस्त प्रशंसक हैं। बलजीत साहब ने अपने बेटे का नाम युवराज सिंह के नाम पर रखा, और यह भी सुनिश्चित किया कि बेटा युवी की तरह बाएं हाथ से बल्लेबाजी करे। खुद युवराज सामरा बताते हैं, “मुझे लगता है मैं पहले दाएं हाथ का था, लेकिन पापा ने मुझे बाएँ हाथ का बना दिया।”
सामरा के जीवन में क्रिकेट की नींव टोरंटो के कोच अमरिंदर भिंदर ने रखी, जो क्रिकेट साउथ अफ्रीका के लेवल-3 कोच हैं। भिंदर ही उनके पिता को पटियाला शाही क्रिकेट क्लब लेकर गए, जहां 13 साल की उम्र से युवराज के शॉट निखरने शुरू हुए। वह कनाडा के ठंडे मौसम से बचकर सर्दियों में खास क्रिकेट खेलने के लिेए पंजाब आते थे। 11वीं और 12वीं की पढ़ाई उन्होंने घर से की, ताकि क्रिकेट का यह रुटीन बाधित न हो। चेन्नई के मैदान पर आज का शतक उन्होंने अपने पिता को समर्पित किया। वे बेशक इस मैच के दौरान मैदान में मौजूद नहीं थे, लेकिन युवराज के हर शॉट में उनका सपना साकार होता दिखा।
Sports – Patrika | CMS


