टी-20 वर्ल्ड कप में रविवार को भारत ने पाकिस्तान को ग्रुप स्टेज मैच हराकर सुपर-8 में एंट्री कर ली। अब पाकिस्तान को क्वालिफाई करने के लिए नामीबिया के खिलाफ आखिरी मैच जीतना ही होगा। अगर टीम हार गई तो ग्रुप-ए से भारत के साथ अमेरिका सुपर-8 में पहुंच जाएगा। वहीं पाकिस्तान का सफर खत्म हो जाएगा। टूर्नामेंट में आज श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के बीच मुकाबला शाम 7 बजे से खेला जाएगा। कंगारू टीम यहां अगर हार गई तो उनका सुपर-8 में पहुंचना मुश्किल हो जाएगा। क्योंकि टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ एक मैच हार चुकी है। ग्रुप-ए: पाकिस्तान की मुश्किलें बढ़ीं ग्रुप-ए में रविवार को 2 मैच खेले गए। अमेरिका ने नामीबिया को 31 रन से हराया। वहीं भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हरा दिया। 6 पॉइंट्स के साथ टीम इंडिया टॉप पर है और सुपर-8 में भी एंट्री कर ली। वहीं अमेरिका 4 पॉइंट्स लेकर नंबर-2 पर पहुंच गई, टीम के सभी मैच खत्म हो गए। पाकिस्तान के भी 4 ही पॉइंट्स हैं, लेकिन खराब रन रेट के कारण टीम तीसरे नंबर पर है। उनका आखिरी मैच नामीबिया से है, टीम तीनों मुकाबले हारकर बाहर हो चुकी है। हालांकि, नामीबिया ने अगर पाकिस्तान को हरा दिया तो टीम 2009 की चैंपियन को ग्रुप स्टेज से ही बाहर कर देगी। ग्रुप-बी: ऑस्ट्रेलिया के लिए आज करो या मरो ग्रुप-बी की सिचुएशन इस समय सबसे ज्यादा मजेदार है। 2021 की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को जिम्बाब्वे के खिलाफ हार मिली। इस हार से टीम के समीकरण गड़बड़ा गए। अब उन्हें सुपर-8 में जगह पक्की करने के लिए आज श्रीलंका को हराना ही होगा। अगर होम टीम जीत गई तो उनका क्वालिफिकेशन कन्फर्म हो जाएगा। दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया को श्रीलंका के खिलाफ जीतने के बाद ओमान को भी हराना होगा। अगर टीम एक भी मैच हार गई तो जिम्बाब्वे आखिरी 2 में से एक भी मैच जीतकर क्वालिफाई कर जाएगी। श्रीलंका को भी क्वालिफिकेशन के लिए एक ही जीत चाहिए। ओमान एलिमिनेट हो चुकी है, वहीं आयरलैंड का 2 हार के बाद बेहद खराब रन रेट है। इसलिए उनका क्वालिफाई कर पाना भी मुश्किल है। ग्रुप-सी: वेस्टइंडीज क्वालिफाई, नेपाल बाहर रविवार को ग्रुप-सी के मुकाबले में वेस्टइंडीज ने नेपाल को 9 विकेट से हरा दिया। इस नतीजे से विंडीज सुपर-8 में पहुंच गई, वहीं नेपाल एलिमिनेट हो गई। अब इंग्लैंड, स्कॉटलैंड और इटली की टीमें रेस में हैं। इंग्लैंड आज इटली से भिड़ेगी, टीम जीतकर अगले राउंड में पहुंच जाएगी। अगर इटली जीत गई तो इंग्लैंड का क्वालिफाई कर पाना मुश्किल हो जाएगा। इटली के पास 1 जीत और 1 हार है। वहीं स्कॉटलैंड ने एक मैच तो जीता, लेकिन टीम 2 मुकाबले हार चुकी है। इंग्लैंड को इकलौती हार भी वेस्टइंडीज के खिलाफ मिली। स्कॉटलैंड का आखिरी मैच नेपाल से होगा, इसे जीतकर टीम का क्वालिफाई कर पाना मुश्किल है। हालांकि, इंग्लैंड अगर हार गई तो इटली और स्कॉटलैंड दोनों की उम्मीदें बढ़ जाएंगी। ग्रुप-डी: अफगानिस्तान अब दूसरों के भरोसे टूर्नामेंट का सबसे मुश्किल ग्रुप यही था। इसमें 2024 की फाइनलिस्ट साउथ अफ्रीका, 2021 की रनर-अप न्यूजीलैंड और 2024 की सेमीफाइनलिस्ट अफगानिस्तान की टीमें थीं। अफगानिस्तान ने कीवी और प्रोटियाज टीम के खिलाफ अपने दोनों मैच गंवा दिए। अब उन्हें क्वालिफाई करने के लिए आखिरी दोनों मैच जीतने के साथ न्यूजीलैंड के हारने की दुआ भी करनी होगी। साउथ अफ्रीका 3 जीत से 6 पॉइंट्स लेकर लगभग अगले राउंड में जगह बना चुकी है। टीम UAE को आखिरी मैच हराकर नंबर-1 पर रहकर ग्रुप स्टेज फिनिश कर सकती है। न्यूजीलैंड भी 2 मैच जीत चुका है, टीम कनाडा के खिलाफ आखिरी मैच जीतकर सुपर-8 में पहुंच जाएगी। UAE को एक जीत मिली है, लेकिन उनके 2 मैच अफगानिस्तान और साउथ अफ्रीका के खिलाफ है। अगर टीम दोनों जीत गई तो अगले राउंड में पहुंच जाएगी। वहीं अफगानिस्तान और कनाडा एक भी मैच हारीं तो बाहर हो जाएंगी। _________________ स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… T20 वर्ल्डकप ईशान के शॉट पर तिलक को गेंद लगी:दोनों प्लेयर्स ने 1-1 कैच भी छोड़ा, अभिषेक का टूर्नामेंट में दूसरा डक; टॉप मोमेंट्स टी-20 वर्ल्ड कप में भारत ने पाकिस्तान को लगातार तीसरा मैच हराकर सुपर-8 में जगह बना ली। रविवार को कोलंबो में भारत ने 175 रन बनाए, पाकिस्तान 114 रन ही बना सका। पूरी खबर टी-20 वर्ल्डकप में पाकिस्तान की दूसरी सबसे बड़ी हार:ईशान की 27 बॉल पर फिफ्टी, अभिषेक चौथी बार शून्य पर आउट; रिकॉर्ड्स भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को 61 रन से हरा दिया। यह टी-20 फॉर्मेट में टीम इंडिया की पाकिस्तान पर अब तक की सबसे बड़ी जीत है। साथ ही टूर्नामेंट के इतिहास में यह पाकिस्तान की दूसरी सबसे बड़ी हार भी रही। पूरी खबर
क्या पाकिस्तान सुपर-8 की रेस से बाहर हो सकता है:नामीबिया के खिलाफ जीत जरूरी; ऑस्ट्रेलिया के लिए करो या मरो का मुकाबला


