भास्कर न्यूज | दुर्गूकोंदल नीति आयोग के मार्गदर्शन में आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत संपूर्णता अभियान का शुभारंभ जनपद पंचायत दुर्गूकोंदल में किया गया। यह अभियान 14 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन जनपद पंचायत परिसर में किया गया। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, स्व-सहायता समूह की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र टेकाम थे। उन्होंने आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों व जनप्रतिनिधियों को शपथ दिलाई। उन्होंने कहा यह अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने का एक सामूहिक प्रयास है। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद सीईओ सुरेंद्र बंजारे ने बताया कि नीति आयोग के संपूर्णता अभियान का मुख्य उद्देश्य विभिन्न लक्ष्य संकेतकों की समयबद्ध संतृप्ति सुनिश्चित करना, कार्यों की नियमित समीक्षा एवं निगरानी करना, ब्लॉक एवं जिला प्रशासन में श्रेष्ठ प्रथाओं का संस्थागत करण करना, विभागों के बीच अभिसरण को मजबूत करना तथा सभी क्षेत्रों में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा आकांक्षी ब्लॉक दुर्गूकोंदल को जो भी लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं, उन्हें सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ मिलकर पूरा करेंगे। प्रत्येक विभाग द्वारा नियमित समीक्षा की जाएगी, ताकि तय समय सीमा में परिणाम सामने आ सकें। उन्होंने यह भी कहा कि नवाचार, परस्पर सीख और व्यवहारिक परिवर्तन इस अभियान की आत्मा हैं। आकांक्षी ब्लॉक फेलोशिप से जुड़ी प्रीति गंजीर ने जानकारी दी कि नीति आयोग द्वारा दुर्गूकोंदल आकांक्षी ब्लॉक में छह इंटीग्रेटेड संकेतकों पर विशेष रूप से कार्य किया जाना है। महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों को प्रतिमाह पोषण आहार वितरण, आंगनबाड़ी में दर्ज बच्चों का वजन एवं ऊंचाई मापन, सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय निर्माण और पेयजल सुविधा उपलब्ध कराना प्रमुख लक्ष्य हैं। इसी प्रकार शिक्षा विभाग के अंतर्गत सभी विद्यालयों में बालिका शौचालय की सुविधा सुनिश्चित करना तथा पशुधन विभाग के माध्यम से गोवंशीय पशुओं का एफएमडी टीकाकरण करना सुनिश्चित किया गया है। इन सभी बिंदुओं पर आगामी तीन महीनों तक सतत व लक्ष्यबद्ध कार्य किया जाएगा। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष दुर्गूकोंदल बिदेसिंह कल्लो, पीलम नरेटी, भाजपा महामंत्री रामचंद्र कल्लो, नागसाय तुलावी, तुकाराम पटेल, दीपक पुडो, रजलाल आंचला, सियाराम मडावी, समदेर उसारे, मुकेश नरेटी उपस्थित रहे। जनपद पंचायत आरडी ठाकुर, आरके किशोर मौजूद थे। शिक्षा विभाग से एबीईओ अंजनी मंडावी, पशु चिकित्सा विभाग से डॉ. राहुल ठाकुरव डॉ. अलका ठाकुर, एनआरएलएम से नंदनी दीवान, महिला व बाल विकास विभाग से राजेश्वरी मंडावी, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. मनोज किशोर, डॉ. चंदन बैरागी, रमेश सलाम (स्टाफ नर्स), डुमेश्वरी (सीएचओ), संजीव सिदार (फार्मासिस्ट), किशोर डडसेना (आरएमए) तथा नेकराम कुलदीप (सफाई कर्मी)उपस्थित थे।


