शिक्षिका बनकर महिला ने की दोस्ती, लाखों की ठगी:सिविल सेवा अभ्यर्थी को बनाया शिकार, फर्जी हस्ताक्षर से लिया लोन

शिक्षिका बनकर महिला ने की दोस्ती, लाखों की ठगी:सिविल सेवा अभ्यर्थी को बनाया शिकार, फर्जी हस्ताक्षर से लिया लोन

मेरठ के टीपीनगर थाना क्षेत्र के लल्लापुरा निवासी विवेक कुमार, जो कर्मचारी भविष्य निधि संगठन में कार्यरत हैं और सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं, एक ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गए हैं। फेसबुक पर खुद को शिक्षिका बताने वाली एक महिला ने उनसे लाखों रुपये की ठगी की। पीड़ित ने इस संबंध में पुलिस अधिकारियों से शिकायत दर्ज कराई है। विवेक ने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले उनकी फेसबुक पर मुरादाबाद की एक प्रोफाइल से बातचीत शुरू हुई थी। प्रोफाइल संचालित करने वाली महिला ने खुद को एक स्कूल में शिक्षिका बताया। धीरे-धीरे यह बातचीत बढ़ी और दोनों के बीच नियमित संपर्क स्थापित हो गया। आरोपी महिला ने मीठी बातों और सहानुभूति दिखाकर विवेक का विश्वास जीत लिया। आरोप है कि विश्वास जीतने के बाद महिला ने विवेक से अलग-अलग बहानों से पैसे मांगने शुरू कर दिए। उसने कभी अपनी बीमारी, कभी पारिवारिक परेशानी तो कभी किसी जरूरी काम का हवाला देकर रुपये की मांग की। विवेक ने महिला पर भरोसा करते हुए विभिन्न किश्तों में उसे रकम भेज दी। ठगी का यह सिलसिला यहीं नहीं रुका। आरोप है कि महिला मेरठ भी पहुंची और धोखे से विवेक के फर्जी हस्ताक्षर ले लिए। इन्हीं हस्ताक्षरों के आधार पर उसने मुरादाबाद के एक बैंक में खाता खुलवाया, पैन कार्ड बनवाया और फिर उस खाते से लोन भी ले लिया। जब विवेक को बैंक खाते और लोन की जानकारी मिली और लगातार पैसे देने के बावजूद महिला की मांगें खत्म नहीं हुईं, तो उन्हें ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी महिला ने उनसे संपर्क तोड़ दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सोशल मीडिया के माध्यम से ठगी करने वालों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *