बुरहानपुर में केंद्र सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) का नाम बदलने के निर्णय के खिलाफ रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी बुरहानपुर ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन गांधी प्रतिमा के समीप आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष रिंकू टॉक ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि मनरेगा केवल एक योजना नहीं है, बल्कि यह महात्मा गांधी के विचारों, उनके श्रम सम्मान और गरीबों को आत्मनिर्भर बनाने के दर्शन का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जानबूझकर इस योजना से गांधी जी का नाम हटाकर न केवल उनके विचारों को मिटाने की कोशिश कर रही है, बल्कि देश के करोड़ों गरीब, मजदूर और किसानों के संवैधानिक अधिकारों पर भी सीधा हमला कर रही है। कहा- सुनियोजित राजनीतिक साजिश
टॉक ने इसे पूरी तरह से सुनियोजित राजनीतिक साजिश बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार एक तरफ तो गांधी जी के नाम का दिखावटी सम्मान करती है और दूसरी तरफ उन्हीं गांधी जी के नाम से जुड़ी सबसे बड़ी रोजगार गारंटी योजना से उनका नाम हटाने का काम कर रही है। उन्होंने इसे भाजपा का दोहरा चेहरा करार दिया, जिसे देश की जनता अब अच्छी तरह समझ चुकी है। रिंकू टॉक ने आगे कहा कि केंद्र सरकार मनरेगा के तहत अपनी वित्तीय जिम्मेदारियों से बचने के लिए राज्यों पर हिस्सेदारी का अतिरिक्त बोझ डाल रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मनरेगा कोई दया या भीख नहीं है, बल्कि यह संसद द्वारा पारित एक योजना है जो ग्रामीण भारत के लोगों को काम का अधिकार देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार इस अधिकार को कमजोर करना चाहती है। कांग्रेस पार्टी ऐसा कभी बर्दाश्त नहीं करेगी
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक भाजपा सरकार अपना यह जनविरोधी फैसला वापस नहीं लेती, तब तक कांग्रेस पार्टी चुप नहीं बैठेगी और सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रहेगा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार गरीबों, मजदूरों, किसानों और वंचित वर्गों के खिलाफ फैसले ले रही है। कभी मनरेगा को कमजोर किया जाता है, कभी उसकी राशि रोकी जाती है और अब नाम बदलकर उसकी मूल आत्मा को खत्म करने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस पार्टी ऐसा कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। कार्यक्रम को ग्रामीण अध्यक्ष रविंद्र महाजन, शेख रुस्तम, अरुण जोशी, पार्षद हमीद डाइमंड, कैलाश यावतकर, हेमंत पाटिल आदि नेताओं ने भी संबोधित किया।
इस दौरान पूर्व विधायक हमीद काजी, पूर्व विधायक ठाकुर सुरेंद्र सिंह, निगम अध्यक्ष अनिता अमर यादव, सलीम कॉटनवाला, संजय चौकसे, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष अर्जुन जंगाले, इनाम अंसारी, मीनाक्षी महाजन, इस्माईल अंसारी, हमीद डाइमंड, विनोद मोरे, आसिफ खान, हाफिज मंसूरी, शाहिद बंदा, मुज्जु मीर, अजय बालापुरकर, नोमान खान, कैलाश यावतकर सहित अन्य मौजूद रहे।


