Youth Arrested In Bundi Police Raid: बूंदी जिले के नैनवां शहर के बस स्टैंड पर स्थित नारायण होटल में अनैतिक गतिविधियां होने की सूचना पर गुरुवार दोपहर पुलिस ने अचानक दबिश दी। पुलिस उपाधीक्षक राजूलाल मीणा के नेतृत्व में महिला पुलिस अधिकारियों की टीम होटल पहुंची और कमरों की जांच की। जांच के दौरान होटल के चार कमरों में चार युवक और चार युवतियां संदिग्ध हालात में मिले।
पुलिस ने चारों युवतियों को समझाइश देकर छोड़ दिया, जबकि चार युवकों और होटल मालिक को हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया। बाद में सभी को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
उपाधीक्षक राजूलाल मीणा ने बताया कि पुलिस को काफी समय से होटल में संदिग्ध गतिविधियां चलने की सूचना मिल रही थी। इसी आधार पर गुरुवार दोपहर महिला पुलिसकर्मियों के साथ टीम ने होटल पर दबिश दी। होटल के कमरों की जांच करने पर हर कमरे में एक युवक और एक युवती मिले, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ।
रजिस्टर में नहीं थे नाम, आईडी भी नहीं ली
पुलिस जांच के दौरान यह भी सामने आया कि होटल के आगंतुक रजिस्टर में कमरों में ठहरे युवक-युवतियों के नाम दर्ज नहीं थे। साथ ही होटल मालिक ने किसी भी व्यक्ति से पहचान पत्र (आईडी) भी नहीं लिया था। पुलिस के अनुसार होटल संचालकों के लिए यह जरूरी होता है कि आने वाले मेहमानों का नाम और आईडी रजिस्टर में दर्ज किया जाए, लेकिन यहां इस नियम का पालन नहीं किया।
पुलिस से उलझे युवक और होटल मालिक
पुलिस ने जब होटल में मिले युवकों से वहां आने के कारणों के बारे में पूछताछ की तो वे पुलिसकर्मियों से उलझने लगे। इसके बाद होटल मालिक से भी रजिस्टर में नाम दर्ज नहीं होने और होटल का लाइसेंस दिखाने को लेकर पूछताछ की गई। इस दौरान होटल मालिक ने लाइसेंस नहीं होने की बात कही और वह भी पुलिस से बहस करने लगा।
5 लोगों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने चंदनपुरा निवासी देवराज गुर्जर, भवानीपुरा निवासी सुनील नागर, भावपुरा निवासी लोकेश धाकड़ और सिसोला निवासी मनीष वर्मा को हिरासत में लिया। इसके साथ ही होटल मालिक प्रिंस साहू को भी पुलिस थाने लाकर शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।


