बूंदी। सदर थाना इलाके में बुधवार देर रात को शराब के नशे में पति ने अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार फिरोजाबाद के खंजापुर निवासी हॉल रिलांयस पेट्रोल पंप के पीछे झुग्गी-झोपड़ी (तिरपाल लगाकर) 30 वर्षीय रूबी अपने पति काजू चितौड़ा के साथ रहती है। मृतका का काजू के साथ दूसरा विवाह था। पहले पति की दुर्घटना में मृत्यु होने के बाद नाता-प्रथा के जरिए काजू के साथ विवाह हुआ। इसके पांच साल की बेटी भी है। देर रात को दोनों पति-पत्नी के बीच झगड़ा हो गया।
आरोपी पति ने पत्नी को पीटा, फिर शराब के नशे में उसका गला घोंट दिया। रात के करीब 2.30 बजे पत्नी की हत्या के बाद वो चिल्लाया और बोला कि मेरी पत्नी बेहोश हो गई और आसपास रह रहे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची ओर शव को अपने कब्जे में लेकर आरोपी पति को मौके से डिटेन कर लिया।
बेटी बोली, पिता ने मार दिया
हत्या के बाद पुलिस शव को अस्पताल लेकर पहुंची। जहां ड़यूटी चिकित्सक ने रूबी को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक के अनुसार मृतका की पांच साल की बेटी बोल रही थी कि उसके पापा ने मम्मी को मार दिया। महिला के रक्तस्राव भी रही थी और गले में रस्सी के निशान थे।
घर का सामान लेकर आए थे दोनों
मृतका के मामा करतार ने बताया कि दोनों पति-पत्नी शाम के करीब 7 बजे बाजार गए थे और घरेलु सामान लेकर आए थे। जब घर आने के दौरान दोनों ने शराब पी रखी थे। उसके कुछ देर बाद फिर काजू बाजार गया और शराब की बोतल लेकर आया,जहां उसने घर पर बैठकर और शराब पी। करतार के अनुसार तीन दिन पूर्व आरोपी काजू के माता-पिता भी बूंदी आए थे और इनके बीच भी किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
मामले की हर एंगल से जांच
थाना प्रभारी भंवर सिंह ने बताया कि रिलायस पेट्रोल पंप के पीछे झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाली 30 वर्षीय रूबी की हत्या की सूचना पर देर रात पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने पति पर गला घोंटकर हत्या करने की रिपोर्ट दी है। मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। एफएसएल से साक्ष्य जुटाए गए। हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है।


