हिण्डोली. दबलाना पुलिस ने थाने में साफ-सफाई करने वाली सफाई कर्मचारी रानी बाई को अपनी बहन मानकर उसके बेटे की शादी में मायरा (भात) भरकर संबल प्रदान किया। एवं चुनरी ओढ़ाकर 21 हजार रुपए का सहयोग किया। प्रशिक्षु डीवाईएसपी निर्मला पांड्या, दबलाना थाना प्रभारी प्रिया व्यास सहित सभी पुलिसकर्मी सफाईकर्मी के पुत्र की शादी में बुधवार को पहुंचे। वहां उन्होंने रानी बाई को चुनरी ओढ़ाई और 21 हजार रुपये का नेग भरा तथा उपहार भेंट किए। जानकारी अनुसार सफाईकर्मी रानी उर्फ गीता बाई वर्मा लंबे समय से थाना परिसर में साफ सफाई का कार्य करती है। बुधवार को दबलाना कस्बे के निजी रिसोर्ट में बेटे की शादी का आयोजन था।
रानीबाई ने समस्त थाना स्टाफ को शादी में आने का निमंत्रण दिया, जिस पर सेवा भावना को देखते हुए थाने में कार्यरत सभी पुलिसकर्मियों ने उसके बेटे पंकज कुमार की शादी में उसका सहयोग करने का निर्णय लिया।
शादी में पूरा थाना स्टाफ पहुंचा। समारोह में सभी ने मिलकर चर्चा की निर्णय किया कि वे ओम प्रकाश व रानीबाई के बेटे की शादी में मायरा भरेंगे। सभी ने अपनी सामथ्र्य के अनुसार रुपए एकत्रित किए। इस दौरान उन्होंने 21 हजार रुपए एकत्र किए। वे गीता को चुनरी और साडी समेत अन्य गिफ्ट खरीदे।
फिर सभी पुलिसकर्मी प्रशिक्षु डिवाइएसपी निर्मला पांड्या, थाना प्रभारी प्रिया व्यास, भंवर सिंह,, बदरी लाल, महेंद्र वर्मा सहित सभी स्टाफ शादी समारोह वाले स्थल पर पहुंचे। शादी में पूरे थाना स्टाफ को देखकर लोग हैरान रह गए। पुलिसकर्मियों ने मायरे की रस्म पूरी की। इसके बाद गीता बाई ने मौजूद पुलिस अधिकारियों व जवानों को तिलक निकाला व आरती की। सभी को खाना खिलाया। पुलिस की संवेदनशीलता और सामुदायिक जुड़ाव को दर्शाती है।


