सर्राफा व्यवसायियों ने सुरक्षा, कानून व्यवस्था और सुविधाओं की रखी मांग

सर्राफा व्यवसायियों ने सुरक्षा, कानून व्यवस्था और सुविधाओं की रखी मांग

भास्कर न्यूज | गढ़वा सदर एसडीएम संजय कुमार के नियमित साप्ताहिक संवाद कार्यक्रम कॉफी विद एसडीएम की श्रृंखला के तहत आज बुधवार को गढ़वा के सर्राफा व्यवसाय से जुड़े लोगों के साथ संवाद आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहर के 30 से अधिक आभूषण व्यवसायियों एवं ज्वेलर्स ने सहभागिता की। संवाद सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।।जिसमें व्यवसायियों ने बाजार से जुड़ी समस्याओं और सुझावों को प्रशासन के समक्ष रखा। संवाद के दौरान सर्राफा व्यवसायियों ने सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से रखा। भुनेश्वर नाथ सोनी, बजरंगी सोनी, संतोष अग्रवाल आदि ने कहा कि सोना-चांदी की कीमतें बढ़ने से अब चोरी-डकैती की आशंकाएं पहले से ज्यादा बढ़ गई हैं। ऐसे में वे लोग अपनी सुरक्षा को लेकर हमेशा चिंतित रहते हैं। इन लोगों ने हाल ही में हुई बिशनपुर घटना की चर्चा की। एसडीएम के समक्ष उन्होंने बाजार क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों की समुचित व्यवस्था, पुलिस पेट्रोलिंग को और प्रभावी बनाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सख़्त निगरानी की आवश्यकता जताई। नागरिक सुविधाओं पर भी रहा जोर: स्वर्ण व्यवसायियों ने बाजार क्षेत्र में एटीएम सुविधा की उपलब्धता, नियमित साफ-सफाई, सार्वजनिक शौचालय (पब्लिक टॉयलेट) की व्यवस्था तथा सर्राफा बाजार के चौक-चौराहों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। इस अवसर पर सर्राफा व्यवसायियों द्वारा एसडीएम को एक लिखित मांग-पत्र भी सौंपा गया। मांग-पत्र में दोपहिया वाहनों के माध्यम से नियमित पुलिस पेट्रोलिंग, व्यवसायियों को हथियार अनुज्ञप्ति प्रदान करने में प्राथमिकता देने, बाजार क्षेत्र से मांस एवं मछली की दुकानों को अन्यत्र स्थानांतरित करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों की आवाजाही पर सतत निगरानी रखने जैसी मांगें शामिल थीं। नकाबपोश और हेलमेट पहने लोगों से व्यवसायी आशंकित: कुछ व्यवसायियों ने बताया कि आए दिन उनकी दुकानों या आसपास नकाब पहने, सिर ढके अथवा हेलमेट लगाए संदिग्ध व्यक्ति घूमते रहते हैं। कई बार ऐसे लोग मुंह बांधे हुये ही दुकानों में प्रवेश कर जाते हैं और पूछताछ करने पर झगड़े पर उतारू हो जाते हैं, जिससे असुरक्षा का माहौल बनता है। एसडीएम ने ऐसे मामलों पर तुरंत 112 नंबर पर कॉल करने की सलाह दी। एसडीएम संजय कुमार ने सर्राफा व्यवसायियों की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े सभी मुद्दों पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर आवश्यक पहल की जाएगी। सीसीटीवी और सुरक्षा गार्ड व्यवस्था पर चर्चा : एसडीएम ने सभी व्यवसायियों द्वारा विधि व्यवस्था एवं सुरक्षा मामलों की चिंता वाले मामले पर कहा कि वे इस संबंध में पुलिस अधीक्षक एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों को अवगत कराएंगे। पुलिस और प्रशासन अपने स्तर पर सुरक्षा मुहैया अभी भी करवा रहा है। वहीं आगे भी करवाएगा किंतु साथ ही साथ उन्होंने व्यापारियों से भी अनुरोध किया कि यदि वे एकजुट होकर सहभागिता निभाएं तो पूरे बाजार में उनके ही सौजन्य से पर्याप्त सीसीटीवी कैमरों का अधिष्ठापन हो सकता है। आभूषण व्यवसायियों ने एसडीएम का आभार जताते हुये कहा कि उन्हें पहली बार किसी बड़े अधिकारी ने अपने यहां इस आत्मीय माहौल में बुलाकर उनकी समस्याओं को सुना। बैठक में भुनेश्वरनाथ सोनी, सुनील कश्यप, आनंद बाबू, पीयूष बाबू, राहुल कुमार केसरी, उदय प्रसाद सोनी, विक्की सोनी, पवन सोनी, युवराज सोनी, लखन बाबू, अंकित सोनी, विशाल केसरी, अमरजीत कुमार, जय कुमार सोनी, राज सोनी, बजरंगी सोनी, हीरू सोनी, गोलू सोनी, चंदन कुमार सोनी, प्रवीण कुमार, संतोष अग्रवाल आदि ने अपने विचार व्यक्त किया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *