सर्राफा एसोसिएशन ने पुलिस उत्पीड़न पर चिंता जताई:कासगंज में गिरवी गहनों के विवाद में हस्तक्षेप न करने की मांग

सर्राफा एसोसिएशन ने पुलिस उत्पीड़न पर चिंता जताई:कासगंज में गिरवी गहनों के विवाद में हस्तक्षेप न करने की मांग

कासगंज जिला सर्राफा एसोसिएशन ने पुलिस उत्पीड़न पर चिंता व्यक्त की है। एसोसिएशन ने कोतवाली प्रभारी प्रवेश राणा से मुलाकात कर गिरवी रखे पुराने गहनों से जुड़े विवादों में पुलिस के अनावश्यक हस्तक्षेप को रोकने की मांग की। कोतवाली प्रभारी ने व्यापारियों को उत्पीड़न न होने का आश्वासन दिया और ग्राहकों को सिविल कोर्ट जाने की सलाह दी। यह मुलाकात जिला महामंत्री दीपक गुप्ता सर्राफ और जिलाध्यक्ष अनिरुद्ध पलतानी के नेतृत्व में हुई। इस दौरान जिला प्रभारी राजेंद्र गुप्ता और शहर अध्यक्ष राजकुमार जाखेटिया सहित कई सर्राफा व्यापारी मौजूद रहे। व्यापारियों ने बताया कि हाल के दिनों में सोने और चांदी की कीमतों में भारी वृद्धि हुई है, जिसका सर्राफा बाजार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। व्यापारियों के अनुसार, कई ग्राहक तीन या उससे अधिक वर्ष पूर्व जेवर गिरवी रखकर गए थे, जिन्होंने न तो ब्याज जमा की और न ही जेवर छुड़ाने आए। उस समय मूलधन और ब्याज जोड़ने पर भी जेवर की कीमत बाजार मूल्य से काफी कम थी। दुकानदारों ने ग्राहकों को कई बार सूचित भी किया, लेकिन वे जेवर छुड़ाने में असमर्थता जताते रहे। अब सोने-चांदी के भाव में अत्यधिक तेजी आने के बाद वही ग्राहक गिरवी रखे जेवर वापस मांग रहे हैं। वे व्यापारियों के साथ अभद्रता करते हैं और पुलिस का भय दिखाकर उत्पीड़न की धमकी देते हैं। व्यापारियों का आरोप है कि इसके बाद पुलिस भी उनके प्रतिष्ठानों पर आकर दबाव बनाती है। समस्त सर्राफा व्यापारियों ने एकजुट होकर मांग की कि किसी भी सर्राफा व्यवसायी का उत्पीड़न न किया जाए और अनावश्यक रूप से उनके प्रतिष्ठानों पर पुलिस न जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि अति आवश्यक हो तो पहले सर्राफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों को सूचित किया जाए और उन्हें विश्वास में लेकर ही आगे की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। कोतवाली प्रभारी प्रवेश कुमार राणा ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि किसी भी सर्राफा व्यवसायी का उत्पीड़न नहीं होगा और हर व्यापारी का मान-सम्मान रखा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी ग्राहक को कोई समस्या है, तो उसे सिविल कोर्ट में जाकर शिकायत दर्ज करानी चाहिए, इसमें पुलिस कोई हस्तक्षेप नहीं करेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *