रास्ता विवाद में गोलियां चलीं, महिला के पेट में लगी:शिवपुरी में तीन दिन से चल रहा था विवाद, विरोध पर लाइसेंसी राइफल से किया फायर

रास्ता विवाद में गोलियां चलीं, महिला के पेट में लगी:शिवपुरी में तीन दिन से चल रहा था विवाद, विरोध पर लाइसेंसी राइफल से किया फायर

शिवपुरी जिले के अमोला थाना क्षेत्र के सलैया गांव में रास्ते के पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शुक्रवार दोपहर पड़ोसियों के बीच हुए झगड़े में एक पक्ष ने गोली चला दी, जिससे एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है। सलैया निवासी देवेंद्र सेन ने बताया कि गांव के सुगर सिंह लोधी ने उनके घर के सामने के रास्ते पर कब्जा कर लिया था। बचे हुए हिस्से को भी बंद करने का प्रयास किया जा रहा था। इस बात का विरोध करने पर पिछले तीन दिनों से आरोपी पक्ष द्वारा धमकियां दी जा रही थीं। विरोध करने पर चला दीं गोलियां शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे देवेंद्र सेन अपनी पत्नी रानी सेन (35) और दो बच्चों के साथ घर पर मौजूद थे। इसी दौरान सुगर सिंह लोधी अपने भाइयों नरेंद्र लोधी, फेरन लोधी और एक बेटे के साथ उनके घर पहुंचा। उन्होंने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सुगर सिंह अपने घर से लाइसेंसी रायफल ले आया। उसने पहले हवाई फायर किए, जिसके बाद दो और गोलियां चलाईं। इनमें से एक गोली रानी सेन के पेट में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं। घायल रानी सेन को तुरंत परिजन मेडिकल कॉलेज शिवपुरी ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया। अमोला थाना प्रभारी अंशुल गुप्ता ने बताया कि घायल महिला के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *