कोटा में अवैध मकान पर चला बुलडोजर:कोर्ट के आदेश पर प्रशासन ने तोड़ा मकान, बंद रास्ता खुलवाया; 7 साल पुरानी शिकायत पर एक्शन

कोटा में अवैध मकान पर चला बुलडोजर:कोर्ट के आदेश पर प्रशासन ने तोड़ा मकान, बंद रास्ता खुलवाया; 7 साल पुरानी शिकायत पर एक्शन

कोटा शहर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र के रॉयल सनसिटी कॉलोनी में एक विवादित मकान पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया गया। बताया जा रहा है कि कॉलोनी के बीच बने इस मकान की चारदीवारी के कारण पीछे खेतों तक जाने वाला रास्ता पूरी तरह बंद हो गया था, जिसकी शिकायत 2019 में लोकायुक्त और जिला प्रशासन को दी गई थी। कोर्ट के आदेश के बाद आज लाडपुरा तहसील प्रशासन मौके पर पहुंचा और कार्रवाई को अंजाम दिया। कॉलोनीवासियों ने इस कार्रवाई का विरोध भी किया। रॉयल सनसिटी समिति के अध्यक्ष मोहन सैनी का कहना है कि यह जमीन 1960 में कोटा महाराज से खरीदी गई थी,उस समय यहां किसी रास्ते का कोई जिक्र नहीं था। उनका आरोप है कि प्रशासन ने 1977 के रिकॉर्ड का हवाला देते हुए बिना पर्याप्त समय दिए जबरन कार्रवाई की। उन्होंने यह भी कहा कि अधिकारियों से मोहलत मांगी गई, लेकिन उनकी एक नहीं सुनी गई। मामले में लाडपुरा तहसीलदार राजवीर सिंह यादव ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर की गई है और लंबे समय से चली आ रही शिकायत के आधार पर निर्णय लिया गया। यादव ने बताया कि संबंधित मकान के वैध दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं किए गए, जिसके चलते इसे अवैध मानते हुए तोड़ा गया। इस कार्रवाई के बाद बंद रास्ते को खोलते हुए कॉलोनी से खेत तक जाने का मार्ग साफ कर दिया गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *