लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने गुरुवार को शहर में अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। पीजीआई क्षेत्र में किसान पथ के पास जहां 25 बीघा में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर चला, वहीं महानगर के न्यू हैदराबाद इलाके में भी नियमों के विपरीत बन रहे निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह के मुताबिक, डॉ. हलीम व अन्य द्वारा पीजीआई के कल्ली पश्चिम में किसान पथ के पास बिना ले-आउट स्वीकृति के बड़े पैमाने पर प्लाटिंग की जा रही थी। करीब 25 बीघा जमीन पर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। एलडीए टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरी प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया। वहीं, प्रवर्तन जोन-6 के जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह ने बताया कि महानगर के न्यू हैदराबाद स्थित श्याम लाल की बगिया में सतीश कुमार व अन्य द्वारा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण कराया जा रहा था। करीब 200 वर्गमीटर के भूखंड पर चल रहे इस निर्माण के खिलाफ पहले ही न्यायालय से ध्वस्तीकरण के आदेश जारी हो चुके थे। एलडीए की टीम ने सहायक अभियंता सतीश कुमार यादव के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को गिरा दिया। इस दौरान अवर अभियंता सुनील कुमार और केपी सिंह भी मौके पर मौजूद रहे। एलडीए अधिकारियों ने साफ किया कि शहर में अवैध प्लाटिंग और निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


