सिरसा में जनता भवन रोड स्थित धार्मिक संस्था श्याम बगीची के अवैध निर्माण पर आज शुक्रवार को बुलडोजर चलाया गया। श्याम बगीची की ओर से रैन बसेरा के तौर पर बाहरी ओर गली की जगह में शेड बनाकर स्टोर बनाया हुआ था। जिसमें 30 से 40 लोगों के लिए बेड व संस्था का अन्य सामान रखा हुआ था। जिसे जेसीबी मशीन से हटा दिया गया। जानकारी के अनुसार, ये कार्रवाई नगर परिषद की टीम ने की है। नगर परिषद से एमई व दो जेई सहित अन्य कर्मचारियों की टीम आज श्याम बगीची में पहुंची। इस दौरान पहले टीम ने संस्था पदाधिकारियों को एक घंटे का अल्टीमेटम दिया, पर वह सामान नहीं हटाया गया। इसके बाद टीम ने पीला पंजा चला गया। इस बीच नगर परिषद एमई से संस्था प्रधान की बहस भी हुई, पर आगे समय नहीं मिला। जानिएं पूरा मामला क्या है श्याम बगीची संस्था की ओर से गली के साथ लगती जगह पर करीब 30 से 40 फुट पर शेड लगाकर कब्जा किया हुआ था। यह रैन बसेरे के नाम पर बनाया गया था, जहां पर संस्था का अन्य सामान व भंडारे का सामान रखा जाता है। अक्सर इसी जगह पर संस्था का भंडारा लगता था। इसे लेकर पिछले कुछ दिनों से प्रशासन को शिकायत की हुई थी। नगर परिषद ने भी इस जगह से कब्जा हटाने को चेतावनी दी गई। बीती 30 मार्च को नगर परिषद को संस्था को नोटिस भी थमाया गया था। इस पर कब्जा हटाने को लेकर एक सप्ताह का समय दिया था। मगर संस्था ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। संस्था के भंडारे का रखा था सामान श्याम बगीची संस्था के प्रधान पवन गर्ग ने दैनिक भास्कर एप की टीम से बताया, एक तरह से स्टोर ही बनाया हुआ था। यहां पर संस्था का भंडारे से जुड़ा सामान ही रखा हुआ था। ये प्रशासन ने अच्छे कार्य पर कार्रवाई की है, जो हुआ वो सब ठीक है। शहर में कई जगह पर अवैध कब्जे हैं और शराबी सरेआम नशा करते हैं और जुआरी जुआ खेलते हैं। इसके वीडियो भी प्रशासन को भेजे हैं, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं की।


