अहमदाबाद के वटवा में वानरवट तालाब किनारे चला बुलडोज़र, 450 निर्माण गिराए

अहमदाबाद के वटवा में वानरवट तालाब किनारे चला बुलडोज़र, 450 निर्माण गिराए

अहमदाबाद महानगरपालिका (मनपा) ने मंगलवार को दक्षिण जोन के वटवा क्षेत्र में स्थित वानरवट तालाब किनारे बुलडोज़र कार्रवाई की। सुबह आठ बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में तालाब किनारे बने छोटे-बड़े 450 कच्चे और पक्के मकान व व्यावसायिक निर्माण ढहा दिए गए। मनपा ओर से यह कदम तालाब क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करने और टी.पी. स्कीम के तहत सार्वजनिक उपयोग की ज़मीन को वापस लेने के लिए उठाया गया है।मनपा के एस्टेट और नगर विकास विभाग ने कड़े पुलिस बंदोबस्त के बीच अन्य शाखाओं की मदद से इस कार्रवाई को अंजाम दिया। इसमें दस बुलडोजर के अलावा 700 से अधिक कर्मचारी-अधिकारियों ने भाग लिया। कार्रवाई को चार ब्लॉकों में बांटकर संचालित किया गया। इसके तहत तालाब की 28227 वर्गमीटर जमीन, बगीचे के लिए आरक्षित 6658 वर्गमीटर प्लॉट और तालाब के आसपास के 18 व 24 मीटर चौड़े टी.पी. रोड से 190 अतिक्रमण हटाए गए। इस कार्रवाई से कुल मिलाकर 54883 वर्गमीटर क्षेत्र और 770 मीटर लंबा टी.पी. रोड अब खुला हो गया है। एक मकान के पास सामाजिक प्रसंग था, जिससे वहां पर कार्रवाई नहीं की गई।मकान मालिक ने प्रसंग के बाद खुद ही वह यह मकान खाली कर देंगे।

प्रभावित 75 लोगों को शेल्टर होम पहुंचाया

कार्रवाई से प्रभावित यहं रहने वाले 75 परिवारों को मनपा ने एएमटीएस बसों के माध्यम से लांभा और नारोल स्थित शेल्टर हाउसों में स्थानांतरित किया है। मनपा ने आश्वासन दिया है कि क्षेत्र से मलबा हटाकर तालाब का सर्वांगीण विकास किया जाएगा।इस तालाब को इंटरलिंकिंग प्रोजेक्ट के तहत अन्य तालाबों से भी जोड़ा जाएगा। इससे निचले इलाकों में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी।

6 थानों की टीम ने दी सुरक्षा, ड्रोन से की गई निगरानी

इस संयुक्त अभियान में मनपा के एस्टेट विभाग, हेल्थ विभाग, फायर ब्रिगेड, यू.सी.डी. शाखा, मेडिकल वैन टीम के 300 कर्मचारी-अधिकारियों की टीम लगी। क्षेत्र के उपायुक्त भगीरथ गढवी ने संवाददाताओं को बताया कि 350 से ज्यादा पुलिस कर्मचारियों की टीम यहां तैनात थी। ड्रोन के जरिए भी निगरानी की गई। बॉडीवॉर्न कैमरों के साथ पुलिस कर्मचारी तैनात थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *