सीतापुर के लहरपुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रशासन ने तालाब एवं कब्रिस्तान की जमीन पर अवैध रूप से बनी मस्जिद पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि करीब 12 वर्ष पूर्व इस मस्जिद का निर्माण सरकारी जमीन पर किया गया था, जिसे लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। प्रशासन की ओर से तहसीलदार लहरपुर ने उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 67 के तहत संबंधित पक्ष को पहले ही नोटिस जारी किया था। नोटिस के बावजूद निर्माण नहीं हटाए जाने पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। जिलाधिकारी राजा गणपति के निर्देश पर सोमवार सुबह करीब 5 बजे भारी पुलिस बल की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान तीन बुलडोजर लगाए गए, जिनकी मदद से पूरे ढांचे को जमींदोज किया जा रहा है। मौके पर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पीएसी बल के साथ-साथ कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात रही। पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है और सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी गई है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर मीडिया और आम लोगों के प्रवेश पर भी रोक लगा दी है, ताकि किसी तरह की अफवाह या तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह से कानून के तहत की जा रही है और सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। फिलहाल इलाके में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है और प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है।


