बुलडोजर एक्शन, 715 परिवार होंगे विस्थापित, परीक्षा-शादी वाले घरों को मोहलत

बुलडोजर एक्शन, 715 परिवार होंगे विस्थापित, परीक्षा-शादी वाले घरों को मोहलत

mp news: मध्यप्रदेश के जबलपुर में मदनमहल पहाड़ी पर हुए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई शनिवार को शुरु हुई। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद प्रशासन एक्शन में आया और राजस्व विभाग, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। अतिक्रमण हटाने पहुंचे अमले ने यहां पहले अतिक्रमण कर बनाए गए मकानों को खाली कराया और फिर उन पर बुलडोजर चलाया। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मदन महल की पहाड़ी से हटाए जा रहे लोगों को तेवर ग्राम में विस्थापित किया जा रहा है। वहां लोगों को प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

715 परिवार होंगे विस्थापित

मदन महल की पहाड़ी पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद की जा रही है। यहां करीब 21 एकड़ जमीन पर अतिक्रमण कर लोगों ने अपने घर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने 715 मकानों को चिन्हित किया है जिनके मकान तोड़कर उन्हें तेवर गांव में विस्थापित किया जाना है। शनिवार सुबह अतिक्रमण हटाने के लिए एसडीएम समेत तमाम प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और भारी पुलिस बल भी तैनात रहा। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध करने की कोशिश भी की लेकिन अधिकारियों ने उन्हें समझाईश देकर शांत करा दिया।

परीक्षा-शादी वाले घरों को मोहलत

जिन घरों में शादी है या फिर जिनके बच्चों की परीक्षाएं चल रही हैं उन्हें थोड़ी राहत दी गई है। शादी होने और परीक्षा खत्म होने के बाद इन मकानों में रह रहे लोगों को विस्थापित किया जाएगा। एसडीएम गोरखपुर अनुराग सिंह ने बताया कि मदनमहल पहाड़ी पर हुए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई पुरवा क्षेत्र से शुरू की गई है। पिछले कई दिनों से मुनादी कराकर यहां के लोगों को अतिक्रमण हटाने के लिए कहा जा रहा था। उन्होंने बताया कि जो सर्वे हुआ है और उसमें जिनके भी नाम आए हैं उन्हें विस्थापित करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *