लखनऊ नगर निगम की बैठक में बजट तैयार:कूड़ा प्रबंधन और सड़क निर्माण पर जोर, 2278 करोड़ का है बजट

लखनऊ नगर निगम की बैठक में बजट तैयार:कूड़ा प्रबंधन और सड़क निर्माण पर जोर, 2278 करोड़ का है बजट

नगर निगम की बैठक में राजधानी के विकास का खाका तैयार हो गया है। नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 2278.34 करोड़ रुपये का प्रस्तावित बजट तैयार कर लिया है। गुरुवार को देर शाम मुख्यालय में हुई बैठक में बजट पर विस्तार से चर्चा हुई। राहत की बात यह है कि इस बार किसी नए टैक्स या पुराने टैक्स में बढ़ोतरी का प्रस्ताव नहीं रखा गया है। लेकिन बजट की मदों पर नजर डालें तो कई ऐसे सवाल खड़े होते हैं, जिन पर शहरवासियों की निगाहें टिक गई हैं। कूड़ा प्रबंधन पर 300 करोड़ नगर निगम ने कूड़ा प्रबंधन पर सबसे बड़ी रकम करीब 300 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रस्ताव रखा है। शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर करने का दावा किया जा रहा है।लेकिन दूसरी ओर, हर बरसात में जलभराव से जूझने वाले इलाकों के लिए नालों की सफाई का बजट पहले की तरह सिर्फ 15 करोड़ रुपये ही रखा गया है। यह वही मद है, जिस पर हर साल सवाल उठते हैं। जब सड़कों पर पानी भरता है तो जिम्मेदारियों की परतें खुलती हैं, लेकिन बजट में कोई बढ़ोतरी नहीं दिखती। सड़कों के निर्माण के लिए 326 करोड़ का प्रस्ताव राजधानी की सड़कों की मरम्मत और नई सड़कों के निर्माण के लिए 326.40 करोड़ रुपये का प्रस्ताव है। जानकारों का कहना है कि यह राशि शहर के विस्तार और ट्रैफिक दबाव के हिसाब से पर्याप्त नहीं मानी जा सकती। हालांकि सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़कों के निर्माण के लिए अलग से 20 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके बावजूद बड़े पैमाने पर सड़क सुधार की उम्मीद करने वालों को बजट थोड़ा संकोची नजर आ रहा है। पुराने दायित्वों पर 370 करोड़, भुगतान का दबाव नगर निगम के सामने सबसे बड़ी चुनौती पुराने निर्माण कार्यों का भुगतान है। बजट में 370 करोड़ रुपये पुराने दायित्वों के लिए रखे गए हैं। साफ है कि पूर्व में कराए गए कार्यों का भुगतान अब तक लंबित है।इसके अलावा कार्यदाईं संस्थाओं को भुगतान की रकम में कटौती की गई है। पुनरीक्षित बजट में 130 करोड़ का प्रावधान था, जिसे घटाकर 100 करोड़ कर दिया गया है। इससे ठेकेदारों और एजेंसियों में असंतोष की आशंका जताई जा रही है। पार्क, स्ट्रीट लाइट और भवनों पर बढ़ा खर्च नगर निगम ने पार्कों के अनुरक्षण का बजट 38.38 करोड़ से बढ़ाकर 42 करोड़ कर दिया है। पार्कों की रंगाई-पुताई पर 6 करोड़ खर्च होंगे। मार्ग प्रकाश के लिए 16 करोड़, स्ट्रीट लाइट मरम्मत के लिए 6 करोड़ और उपकरण खरीद के लिए 6.50 करोड़ रुपये का प्रावधान है। नए निर्माण कार्यों के लिए 7 करोड़ रखे गए हैं।भवन मरम्मत के लिए 5 करोड़, फ्लैट निर्माण के लिए 25 करोड़ और अहाना एनक्लेव की बहुमंजिली आवासीय योजना के लिए 40 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं। भूमि सर्वे और बाउंड्री वॉल पर पहली बार बड़ा प्रावधान नगर निगम की भूमियों के सर्वे और बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए इस बार 10 करोड़ रुपये रखे गए हैं, जो पहले सिर्फ 4 करोड़ थे। यह कदम अवैध कब्जों पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।शहरी निर्धनों के लिए 5 करोड़ रुपये का प्रावधान भी किया गया है। अवस्थापना निधि से 180 करोड़ के काम अवस्थापना निधि से 180 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जाएंगे। इसके अलावा मॉडल वेंडिंग जोन के निर्माण और संचालन का बजट 10 करोड़ से बढ़ाकर 15 करोड़ कर दिया गया है। यह प्रस्तावित बजट फरवरी के अंतिम सप्ताह में होने वाली नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में रखा जाएगा, जहां से इसे अंतिम मंजूरी मिलने की उम्मीद है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *