लखनऊ के कृष्णा नगर थाना क्षेत्र में बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने को लेकर एक कार्यकर्ता ने मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर श्रेया यादव नाम की फेसबुक आईडी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। बैठक के दौरान सामने आई पोस्ट कैंट विधानसभा अध्यक्ष गंगाराम वर्मा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 9 फरवरी को दोपहर करीब 4 बजे दामोदर नगर, आलमबाग स्थित कैंट विधानसभा प्रभारी देवेश कुमार गौतम के आवास पर बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं की बैठक चल रही थी। इसी दौरान मोबाइल पर फेसबुक देखते समय एक पोस्ट पर उनकी नजर पड़ी, जो श्रेया यादव नाम की फेसबुक आईडी से की गई थी। अशोभनीय भाषा के इस्तेमाल का आरोप तहरीर के अनुसार, उक्त पोस्ट में मायावती के लिए बेहद आपत्तिजनक, अभद्र और सामाजिक रूप से अस्वीकार्य शब्दों का प्रयोग किया गया था। पोस्ट को पढ़ते ही बैठक में मौजूद सभी कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हो गईं और मौके पर नाराजगी का माहौल बन गया। कार्यकर्ताओं में गुस्सा, कार्रवाई की मांग पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस तरह की भाषा सभ्य समाज में कतई स्वीकार्य नहीं है और इससे सामाजिक सौहार्द को ठेस पहुंचती है। कार्यकर्ताओं ने तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए संबंधित फेसबुक आईडी के खिलाफ सख्त कदम उठाने की अपील की। पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू शिकायत मिलने के बाद कृष्णा नगर थाना पुलिस ने संबंधित फेसबुक आईडी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने पोस्ट के स्क्रीनशॉट को साक्ष्य के रूप में कब्जे में लिया है। पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


