BSEB Inter Result 2026: आर्ट्स में निशु कुमारी ने मारी बाजी, 95.8 प्रतिशत अंक किए प्राप्त

BSEB Inter Result 2026: आर्ट्स में निशु कुमारी ने मारी बाजी, 95.8 प्रतिशत अंक किए प्राप्त

BSEB Inter Result 2026: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने आज इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। लगातार 8वीं बार देश में सबसे पहले रिजल्ट जारी कर बिहार बोर्ड ने अपनी कार्यकुशलता का लोहा मनवाया है। छात्र अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट biharboardonline.bihar.gov.in पर जाकर चेक कर सकते हैं। रिजल्ट चेक करने के लिए आपको अपना रोल नंबर और रोल कोड डालकर लॉग इन करना होगा। इस साल आर्ट्स संकाय में गया जिला के निशु कुमारी ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर गौरव बढ़ाया है। उन्हें 489 अंक प्राप्त किए हैं यानि 95.8 प्रतिशत। वहीं, इस वर्ष कुल 85.16% परीक्षार्थी सफल रहे हैं। इस बार कुल 26 टॉपर्स में से 19 छात्राएं शामिल हैं.

13 लाख से अधिक छात्रों ने दी थी परीक्षा

इस साल बिहार बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 13,17,846 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया था। बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, इस बार परीक्षार्थियों की संख्या में वृद्धि देखी गई है। कुल पंजीकृत छात्रों में छात्राओं की संख्या 6,75,844 और छात्रों की संख्या 6,42,002 रही।

कड़ी निगरानी में हुई थी परीक्षा

बिहार बोर्ड 12वीं की परीक्षा इस साल 1 फरवरी से 15 फरवरी 2026 के बीच आयोजित की गई थी। राज्य भर में कुल 1,762 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों और वॉयस रिकॉर्डर के जरिए कड़ी निगरानी रखी गई थी। बोर्ड ने समय पर परीक्षा संपन्न कराकर मूल्यांकन कार्य भी रिकॉर्ड समय में पूरा किया।

पिछले 6 सालों कैसा रहा था रिजल्ट

पिछले साल यानी 2025 में कुल पास प्रतिशत 86.56% रहा था। बोर्ड के पिछले 6 सालों के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदर्शन में लगातार सुधार दिखा है।

  • 2024 में 87.21%,
  • 2023 में 83.70%,
  • 2022 में 80.15%
  • 2021 में 78.04%
  • 2020 में 80.44% छात्र सफल हुए थे।

पिछली बार भी बेटियों ने गाड़ा था झंडा

साल 2025 में भी लड़कियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। साइंस में प्रिया जायसवाल (96.8%) और कॉमर्स में रौशनी कुमारी (95.1%) ने टॉप किया था। वहीं आर्ट्स में अंकिता कुमारी और शाकिब शाह ने 94.6% अंकों के साथ संयुक्त रूप से टॉप किया था।

यहां से डाउनलोड करें अपना स्कोरकार्ड

रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र निम्नलिखित आधिकारिक वेबसाइट्स पर अपना रोल नंबर और रोल कोड दर्ज कर रिजल्ट डाउनलोड कर सकते हैं।

  • results.biharboardonline.com
  • interbiharboard.com
  • bsebexam.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *