BSEB 12th Topper Result 2026: पटना-नालंदा का दबदबा टूटा, अब छोटे शहरों के छात्र बन रहे टॉपर

BSEB 12th Topper Result 2026: पटना-नालंदा का दबदबा टूटा, अब छोटे शहरों के छात्र बन रहे टॉपर

BSEB 12th Result 2026:  बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (BSEB) द्वारा जारी 12वीं के रिज़ल्ट में इस बार पटना और नालंदा का दबदबा कम रहा। इसके विपरीत, छोटे शहरों के छात्रों ने टॉप 100 में अपनी मौजूदगी मजबूत बनाए रखी। 

BSEB 12th Result 2026: बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (BSEB) ने सोमवार को 12वीं कक्षा का रिजल्ट जारी किया। इस बार भी वह ट्रेंड बरकरार रहा, जिसमें छोटे शहरों के ज्यादा छात्र टॉप 100 में अपनी जगह बना रहे हैं। इस ट्रेंड का नेतृत्व छोटे शहर से आने वाले आदित्य प्रकाश अमन कर रहे हैं, जिन्होंने 96.2% अंक हासिल कर साइंस स्ट्रीम में स्टेट टॉपर का खिताब जीता। पिछले कई वर्षों तक पटना और नालंदा जैसे जिलों का रैंक लिस्ट पर दबदबा रहा था, लेकिन अब अन्य जिलों के छात्र भी अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं। 2016 से 2018 के बीच बिहार के 38 जिलों में से केवल छह जिलों के छात्र ही टॉप 100 में जगह बना पाते थे। हालांकि, हाल के वर्षों में यह संख्या लगातार बढ़ी है और इस साल टॉप 100 में 17 जिलों के छात्र शामिल हुए हैं।

छोटे शहरों के छात्रों का बढ़ा दबदबा

BSEB के एक अधिकारी ने कहा, “यह सकारात्मक संकेत है कि बेहतर प्रदर्शन का दायरा धीरे-धीरे बढ़ रहा है और अधिक से अधिक छात्र इसमें शामिल हो रहे हैं। अब परिणाम सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहे। इससे स्पष्ट होता है कि गांवों के स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र भी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।”

समस्तीपुर के आदित्य साइंस स्ट्रीम स्टेट टॉपर

आदित्य प्रकाश अमन बिहार के समस्तीपुर के रहने वाले हैं। आदित्य बिहार बोर्ड के साइंस स्ट्रीम के स्टेट टॉपर हैं।आदित्य प्रकाश अमन ने 500 में से 481 अंक (96.20%) हासिल कर पूरे राज्य में पहला स्थान हासिल किया है। उन्होंने अपनी पढ़ाई समस्तीपुर के ही एक स्कूल से की है। उन्होंने कहा, “मैंने क्लास 10 तक जमुई के सिमुलतला स्कूल में पढ़ाई की। मुझे खुशी है कि मैं समस्तीपुर के पांढ में स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय से क्लास 12 बोर्ड में स्टेट टॉपर बना हूँ।”

गया की निशु बनी कला संकाय स्टेट टॉपर

बिहार के गया जिले की रहने वाली निशु कुमारी ने इंटरमीडिएट कला संकाय में 479 अंक हासिल कर पूरे प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। निशु के पिता पेशे से किसान हैं। निशु ने सभी विषयों में शानदार प्रदर्शन किया है। विशेष रूप से भूगोल में उन्होंने 100 में 100 अंक प्राप्त किए हैं। इसके अलावा अंग्रेजी में 90, हिंदी में 97, इतिहास में 97 और राजनीतिक विज्ञान में 95 अंक हासिल किए हैं। निशु ने गया जिले के यशवंत इंटर स्कूल, खिजरसराय से इंटरमीडिएट की परीक्षा दी थी।

पूर्णिया का लक्की बना सेकेंड टॉपर

बिहार के पूर्णिया जिले की तंग गलियों में रहने वाले लक्की अंसारी ने आर्ट्स संकाय में पूरे प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है। लक्की के पिता मो. इम्तियाज सड़क किनारे घड़ियां बेचकर अपना गुजारा करते हैं, जबकि लक्की खुद भी दवा की दुकान में काम करता था। बिहार बोर्ड इंटर परीक्षा में लक्की ने 500 में से 478 अंक (95.60%) हासिल किए हैं।

पटना की अदिति बनी कॉमर्स टॉपर

पटना की रहने वाली अदिती कॉमर्स स्ट्रीम की स्टेट टॉपर बनी है। अदिति को कॉमर्स स्ट्रीम में पूरे राज्य में 480 अंक (96 प्रतिशत) हासिल कर कॉमर्स में स्टेट टॉपर बनी है। अदिति कुमारी पटना के गांधी मैदान स्थित सेंट जेवियर स्कूल की छात्रा हैं। उन्होंने इंटरमीडिएट की वाणिज्य संकाय में 480 अंक (96 प्रतिशत) हासिल कर पूरे राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया है। वह अपने पिता के साथ बाकरगंज इलाके के श्याम बहादुर लेन, इलेक्ट्रॉनिक मार्केट में रहती हैं। अदिति ने बताया कि टॉपर्स वेरिफिकेशन के लिए उन्हें कॉल आया था, जिसके बाद उन्हें अच्छे अंक आने का अंदाजा हो गया था, लेकिन स्टेट टॉपर बनने की उम्मीद नहीं थी।

  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *