छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पंडरी मोवा स्थित ‘साहस नशामुक्ति केंद्र’ से इंसानियत को शर्मसार करने वाली तस्वीर सामने आई है। नशे की लत छुड़ाने के नाम पर एक आदिवासी युवक को बेरहमी से पीटा गया। प्रताड़ना का आलम यह था कि युवक की मानसिक स्थिति बिगड़ गई और उसके शरीर पर जख्मों के गहरे निशान हैं। घटना का एक विचलित करने वाला वीडियो भी सामने आया है, जिसमें केंद्र संचालिका का बेटा मरीजों के साथ मारपीट करता दिख रहा है। पीडित युवक का नाम अंकुर माझी और आरोपी का नाम अनिकेश शर्मा बताया जा रहा है। अंकुर मांझाी से ‘साहस नशामुक्ति केंद्र’ में मारपीट की घटना सितंबर–अक्टूबर 2025 में हुई है। पीड़ित के परिजनों की शिकायत पर मामला अभी प्रकाश में आया है। अब पढ़े क्या है पूरा मामला पंडरी थाने में दर्ज एफआईआर के अनुसार ओडिशा के उमरकोट निवासी अंकुर मांझी के माता-पिता ने अपने बेटे को सुधारने की उम्मीद में इस केंद्र में भर्ती कराया था। परिजनों के अनुसार फरवरी में जब बेटा घर पहुंचा, तो उसकी हालत देखकर माता-पिता के पैरों तले जमीन खिसक गई। अंकुर की पीठ और गर्दन पर मारपीट के कारण खाल छिली हुई थी और वह बुरी तरह डरा हुआ था। परिजनों ने उसे डॉक्टरों को दिखाया, तो डॉक्टरों ने मारपीट होने की वजह से उसे मानसिक बीमार बता दिया है। पीड़ित अंकुर का उपचार अभी भी विशाखापट्टनम में चल रहा है। संचालिका के बेटे पर सनक सवार, पाइप से की पिटाई परिजनों ने पंडरी थाने में दर्ज कराई FIR में सीधे तौर पर केंद्र संचालिका के बेटे अनिकेश शर्मा पर आरोप लगाए हैं। वायरल वीडियो में कथित तौर पर अनिकेश को मरीजों के साथ हिंसक व्यवहार करते और उन्हें बेरहमी से पीटते देखा जा सकता है। आरोप है कि इलाज के नाम पर वहां ‘टॉर्चर सेल’ चलाया जा रहा था। शारीरिक प्रताड़ना के कारण अंकुर की मानसिक स्थिति इतनी बिगड़ गई कि अब उसका इलाज विशाखापट्टनम के एक अस्पताल में चल रहा है। विश्वसनीयता के घेरे में केंद्र पंडरी मोवा इलाके में यह केंद्र लंबे समय से संचालित है, लेकिन इस घटना ने इसकी कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित अंकुर मांझाी के परिजनों ने आरोप लगाया है, कि जब उनका बेटा केंद्र में भर्ती था, तब उन्हें मिलने भी नहीं दिया जाता था। वो मिलने जाते थे जातिसूचक गालियां दी जाती थी। परिजनों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज परिजनों की शिकायत और मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद ‘साहस नशामुक्ति केंद्र’ केंद्र की संचालित के बेटे अनिकेश शर्मा के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने केंद्र संचालिका से नशा मुक्ति केंद्र संचालित करने के दस्तावेज भी मांगे है। अब पढ़े पुलिस अधिकारियों ने क्या कहा पंडरी थाना प्रभारी स्वराज त्रिपाठी ने बताया, कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपी अनिकेश शर्मा खुद नशे का लती है और वर्तमान में टाटीबंध स्थित नशामुक्ति केंद्र में उसका इलाज चल रहा है। टाटीबंध स्थित नशामुक्ति केंद्र से उसकी रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


