भाई-बहन की जोड़ी ने किया कमाल, डिजिटल फ्रॉड से बचाने बनाया एआई ऐप कर्तव्य, भारत मंडपम तक पहुंची उड़ान

भाई-बहन की जोड़ी ने किया कमाल, डिजिटल फ्रॉड से बचाने बनाया एआई ऐप कर्तव्य, भारत मंडपम तक पहुंची उड़ान

रायपुर @ ताबीर हुसैन। भाई-बहन की जोड़ी द्वारा विकसित एआई ऐप कर्तव्य ने देश के सबसे बड़े एआई हैकाथॉन में अपनी खास पहचान बनाई है। आईटी मंत्रालय के एआई इम्पैक्ट समिट के तहत एचसीएल गुवी द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में 10000 टीमों ने हिस्सा लिया, जिनमें से केवल 2 प्रतिशत टीमें ही 16 फरवरी को दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित ग्रैंड फिनाले तक पहुंच सकीं। अनुराग मानिक और आस्था मानिक का कर्तव्य ऐप एआई जनरेटेड आवाज और संभावित साइबर स्कैम की पहचान कर आम लोगों को डिजिटल धोखाधड़ी से बचाने का समाधान पेश किया।

राजधानी के लक्ष्मीनगर निवासी अनुराग का मानना है कि भारत में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के दौर में कर्तव्य जैसे टूल आम नागरिकों के लिए मजबूत डिजिटल सुरक्षा कवच साबित हो सकता है। तकनीकी रूप से ऐप में गूगल जेमिनी 2.5 मॉडल और व्हिस्पर का इंटीग्रेशन किया गया है, जिससे यह 91.5 प्रतिशत तक सटीक परिणाम देने का दावा करता है। यह हिंदी, तेलुगु, तमिल, मलयालम, गुजराती, कन्नड़, मराठी, अंग्रेजी और छत्तीसगढ़ी सहित कुल 8 भाषाओं में आवाज की पहचान कर सकता है।

दोस्त के फ्रॉड का शिकार होने से प्रेरणा

अनुराग मानिक आईआईटी पटना से जेन एआई सर्टिफाइड हैं और आईबीएम सर्टिफाइड एआई एजेंट डेवलपर भी हैं। वे बताते हैं कि इस ऐप की प्रेरणा एक व्यक्तिगत अनुभव से मिली। उनके एक करीबी मित्र साइबर फ्रॉड का शिकार हुए थे। उसी दौरान वे एक एआई प्रोजेक्ट पर काम कर रहे थे। तब उन्होंने सोचा कि एआई से हो रहे स्कैम को एआई की मदद से ही रोका जाए। इसके बाद उन्होंने अपनी बहन आस्था माणिक के साथ मिलकर कर्तव्य ऐप का विकास शुरू किया।

ऐसे करेगा काम

पुणे से बीबीए कर चुकीं आस्था एआई डेवलपर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने इस ऐप के तकनीकी विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कर्तव्य ऐप में उपयोगकर्ता किसी भी ऑडियो फाइल को अपलोड कर सकता है या लाइव रिकॉर्डिंग कर सकता है। ऐप उस आवाज का विश्लेषण कर यह बताता है कि वह एआई जनरेटेड है या वास्तविक मानव आवाज। साथ ही यह भी संकेत देता है कि कॉल किसी संभावित लोन स्कैम या बैंक डिटेल्स फ्रॉड से जुड़ी हो सकती है।

विजेता बने तो मिलेगा इन्फ्रास्ट्रक्चर सपोर्ट

हैकाथॉन में 400000 का प्राइज पूल रखा गया है जो प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर वितरित होगा। यदि कर्तव्य को विजेता के रूप में चुना जाता है, तो टीम को ऐप के आगे के विकास के लिए इन्फ्रास्ट्रक्चर सपोर्ट जैसे गूगल क्रेडिट्स, एक्सपर्ट मेंटरशिप और इंडस्ट्री लीडर्स के साथ मिलकर ऐप को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में सहयोग भी मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *